नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने जेईई-मेन का रिजल्ट सोमवार देर शाम जारी कर दिया। साल में दो बार जेईई-मेन की परीक्षा कराने का फायदा अभ्यर्थियों को मिलता नजर आ रहा है। जनवरी में परीक्षा देने वाले ज्यादातर अभ्यर्थियों ने जनवरी के मुकाबले दूसरे टेस्ट में अपने नंबरों में सुधार किया। केंद्र सरकार ने इस बार से साल में दो बार जेईई-मेन की परीक्षा कराने का फैसला किया है। दोनों में जिस परीक्षा में अभ्यर्थी का प्रदर्शन बेहतर रहा, जेईई-एडवांस की रैंक के लिए उसी को आधार बनाया गया है।
साल के पहले जेईई-मेन का आयोजन छह से 12 जनवरी के बीच किया गया था। इसका रिजल्ट 20 जनवरी को घोषित किया गया था। दूसरी परीक्षा का आयोजन 12 अप्रैल को किया गया। अभ्यर्थियों के पास यह विकल्प था कि वे पहली, दूसरी या फिर दोनों परीक्षाओं में शामिल हों। जेईई-एडवांस के लिए उनकी रैंक सबसे अच्छे प्रदर्शन के आधार पर तैयार की जाएगी। सोमवार को दूसरी परीक्षा का रिजल्ट भी जारी कर दिया गया। रिजल्ट केबाद जब अभ्यर्थियों से बात की गई तो ज्यादातर अभ्यर्थियों ने अपने अंक जनवरी के मुकाबले बेहतर होने की बात कही। जनवरी के रिजल्ट में अभ्यर्थियों को सिर्फ परसेंटाइल बताये गये थे।
अप्रैल के रिजल्ट के बाद दोनों को शामिल करते हुए अभ्यर्थी की रैंक भी जारी की गई है। जेईई मेन-परीक्षा में सफल होने वाले शीर्ष अभ्यर्थियों को जेईई-एडवांस्ड की परीक्षा देने का मौका मिलता है। एडवांस की परीक्षा में सफल होने वाले परीक्षार्थी आईआईटी में दाखिला पाएंगे। जबकि बाकी परीक्षार्थियों को जेईई एडवांस के अंक के आधार पर एनआईआईटी, ट्रिपल आईटी और केंद्रीय वित्तपोषित अन्य संस्थानों में दाखिला मिलेगा। एडमिशन का आधार जेईई-मेन के नंबर तथा स्टूडेंट्स को बोर्ड परीक्षा मिले नंबर नॉर्मलाइज करने के बाद तैयार फाइनल मेरिट होगी।
| नाम |
जनवरी |
अप्रैल |
| प्रसून बाजपेई |
99.69 परसेंटाइल |
99.92 परसेंटाइल |
| अर्थ राज |
99.82 परसेंटाइल |
99.91 परसेंटाइल |
| कनिष्क गांधी |
99.84 परसेंटाइल |
99.89 परसेंटाइल |
| ओजश श्रीवास्तव |
99.88 परसेंटाइल |
99.88 परसेंटाइल |
| मधुर कुमार |
99.75 परसेंटाइल |
99.88 परसेंटाइल |
तीन से 9 मई के बीच आवेदन
जेईई-मेन में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को तीन से नौ मई के बीच जेईई-एडवांस के लिए आवेदन करने का मौका मिलेगा। इस साल जेईई-एडवांस का आयोजन आईआईटी रुड़की ओर से हो रहा है। परीक्षा का आयोजन 27 मई को होगा। इसके बाद जारी रैंक के आधार पर आईआईटी का टिकट मिलेगा।