लखनऊ। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी) में दाखिले के लिए रविवार को जेईई एडवांस 2025 परीक्षा का आयोजन दो पालियों में हुआ। आईआईटी कानपुर की ओर से शहर के आठ केंद्रों पर ये परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) मोड में हुई। रायबरेली रोड स्थित थिरुमाला एजुकेशन एकेडेमी व एयरफोर्स स्टेशन रोड स्थित सन टेस्टिंग सेंटर पर परीक्षा देने पहुंचे अधिकांश परीक्षार्थियों ने गणित के पेपर को कठिन बताया। साथ ही कहा कि माइनस मार्किग के डर से कुछ सवाल छोड़ने भी पड़े। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की शिकायत सामने नहीं आई।
निगेटिव मार्किंग का बना रहा डर
परीक्षार्थी अश्वनी मिश्रा ने बताया कि प्रथम और द्वितीय पेपर दोनों को मिलाकर 48 सवाल पूछे गए थे। पहले पेपर में 19 और दूसरे में 21 सवाल हल कर पाए। निगेटिव मार्किंग भी थी। फिजिक्स के सवाल बड़े थे। गणित व केमिस्ट्री के सवालों ने ज्यादा उलझाया।
सवालों को हल करने में लगा ज्यादा समय
अभ्यर्थी सीमा राजपूत ने बताया बताया गणित का पेपर कठिन था। फिजिक्स के न्यूमेरिकल कठिन थे, जबकि केमिस्ट्री में आर्गेनिक के सवालों को हल करने में ज्यादा समय लग गया। यदि थोड़ा समय और मिल जाता तो पेपर बहुत अच्छा होता।
केमिस्ट्री के सवाल आसान थे
अभ्यर्थी रितेश तिवारी ने बताया कि पहला पेपर तो आसान था, पर दूसरा पेपर थोड़ा ज्यादा कठिन था। केमिस्ट्री के सवाल आसान थे, लेकिन गणित और फिजिक्स के सवालों ने ज्यादा परेशान किया। माइनस मार्किंग के डर से पेपर ज्यादा अच्छा नहीं रहा।