‘नशे से सेहत थोड़े न बनती है। घर खराब कर देती है। ठीक ही तो कह रहे हैं। इसके फेर में कितने घर बरबाद हो जाते हैं।’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदर्श गांव जयापुर गांव के प्राथमिक विद्यालय में रविवार को रेडियो पीएम के ‘मन की बात’ सुनने के बाद लोग कुछ ऐसे ही जोश में भर गए।
मोदी के मन की बात उनके दिलों को इस कदर छू गई कि सबने नशे से दूर रहने की शपथ ली। तय किया कि पहले वे गांव में हर तरह के नशे को दूर भगाएंगे और फिर आसपास के लोगों को नशाखोरी त्यागने के लिए जगाएंगे।
ठंड और कोहरे के बावजूद सुबह 10:30 बजे प्राथमिक विद्यालय में स्कूली छात्रों के साथ-साथ बड़े-बुजुर्ग भी जुटने लगे। जैसे ही घड़ी की छोटी सूई 11 और बड़ी 12 पर पहुंची, हाल में खामोशी छा गई।पीएम के मन की बात के एक-एक शब्द को लोग पी जाना चाहते थे। इसमें कोई खलल डालता तो बुजुर्ग उसे डांट देते। पीएम ने नशे को डिजास्टर बताया। युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की।