चितरंजन पार्क थाने में दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर ने बुधवार शाम को खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली। इंस्पेक्टर को मैक्स अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट नहीं मिला है।
विज्ञापन
दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने दावा किया है कि इंस्पेक्टर अपने महकमे से परेशान था और जिले के ही उच्च अधिकारी उन्हें मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे। सीआर पार्क थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दक्षिण-पूर्व जिला डीसीपी रोमिल बानिया ने बताया कि कौशल गांगुली दिल्ली पुलिस में इंस्पेक्टर (1997 बैच) के पद पर तैनात थे और परिवार के साथ अर्जुन नगर में रहते थे। परिवार में पत्नी और एक बेटा व बेटी है।
सीआर पार्क पुलिस स्टेशन जहां हुई वारदात
- फोटो : अमर उजाला
पत्नी एम्स में हेड नर्स है। इन दिनों इंस्पेक्टर कौशल गांगुली की दक्षिण-पूर्व जिले के डिस्ट्रिक्ट इंवेस्टीगेशन यूनिट (डीआईयू) में तैनाती थी। डीआईयू का कार्यालय सीआर पार्क थाने की बिल्डिंग में प्रथम मंजिल पर है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इंस्पेक्टर कौशल ने बुधवार शाम करीब पांच बजे सीआर पार्क थाने से ये कहकर पिस्टल जारी करवाई थी कि उसे अगले दिन शब्बे-ए-बारात के इंतजाम में जाना है।
करीब आधा घंटे बाद इंस्पेक्टर ने अपने कमरे में जाकर शाम छह बजे सरकारी पिस्टल से सिर में खुद को गोली मार ली। थाने में गोली चलने की आवाज से हड़कंप मच गया। इंस्पेक्टर कौशल को साकेत स्थित मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जांच में इंस्पेक्टर के कब्जे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। सीआर पार्क थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। - रोमिल बानिया, डीसीपी