लखनऊ। स्काउट गाइड की सात दिवसीय राष्ट्रीय जंबूरी के लिए 23 से 29 नवंबर तक शहर में देश भर से 40 हजार से ज्यादा मेहमान आने वाले हैं। इनमें 30 हजार स्काउट गाइड कैडेट तो करीब 10 से 15 हजार अन्य लोग होंगे। सात दिन तक इतनी बड़ी संख्या में आने वाले मेहमानों के स्वागत के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। मेहमानों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मुहैया कराने के लिए शुरू हुए काम से ही लखनऊ के बाजार पर 100 करोड़ से ज्यादा की समृद्धि बरसने वाली है।
मेहमानों के स्वागत व ठहरने के लिए वृंदावन योजना स्थित डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में बड़े स्तर पर टेंट सिटी बनाई जा रही है। देश के विभिन्न राज्यों से 30 हजार से ज्यादा प्रतिभागी, 2000 विदेशी प्रतिभागी, पांच हजार अधिकारी व अन्य स्टाफ भी शामिल हो रहे हैं। कुल संख्या 40 हजार पार होने की उम्मीद है। इनके लिए 4500 से ज्यादा टेंट, 1600 शौचालय, 1600 स्नानागर, 35 हजार लोगों की क्षमता का एरिना स्टेडियम, 100 बिस्तर का अस्पताल, 15 डिस्पेंसरी बनाई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, टेंट सिटी व अन्य निर्माण के लिए 45 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके अलावा आसपास के होटल व बाजारों में भी रौनक छाने लगी है। कार्यक्रम में सेल्फी पॉइंट, एयरो शो, ड्रोन प्रदर्शन, वाई-फाई जोन, ग्लोबल विलेज, फूड कोर्ट और वाटर एटीएम की भी सुविधा रहेगी।
100 दुकानों का जंबूरी बाजार, ग्लोबल विलेज भी
डिफेंस एक्सपो मैदान में नागरिक सुविधाओं के अलावा भव्य जंबूरी मेला भी लगेगा। इसके लिए 100 दुकानों का जंबूरी बाजार बन रहा है। इस बाजार के संचालक पवन गुप्ता ने बताया कि 100 में 85 स्टॉलनुमा दुकानों की बुकिंग हो गई है। शेष 15 की बुकिंग एक-दो दिन में हो जाएगी। फूड कोर्ट में 7000 लोगों के बैठने की रहेगी। स्टॉल से ही 500 परिवारों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिल रहा है।
उद्योग विभाग की ओर से चिकनकारी का स्टॉल
जंबूरी में ओडीओपी उत्पाद चिकनकारी का भी स्टॉल लगेगा। उपायुक्त उद्योग मनोज चौरसिया ने बताया कि जनपद के चिकनकारी से जुड़े कारीगरों की भी यहां भागीदारी होगी। इससे देश भर से आए लोग लखनवी चिकनकारी उत्पादों की बारीकी को समझ सकेंगे।
19वीं राष्ट्रीय जंबूरी में प्रदेश के 8000 युवा होंगे शामिल
भारत स्काउट और गाइड यूपी के अनुसार, 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी में राजधानी सहित प्रदेश भर से 8000 बालक और बालिकाएं शामिल होंगे। प्रतिभागियों की उम्र 10 से 25 साल आयु निर्धारित की गई है। मानक के अनुसार, प्रतिभागियों के साथ यूनिट गाइड भी शामिल होंगे। अधिकारियों ने बताया कि विद्यालयों से विद्यार्थियों की प्रतिभागिता के लिए प्रदेश के सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को पत्र भेजा गया है।
पिछले दो महीने से चल रहा है काम
हमारी ट्रेड से जुड़े लाइट, टेंट, फूल, बैरीकेडिंग, दुकान बनाने वाले व अन्य श्रमिकोें को सरकार के ऐसे कार्यक्रमों से बड़ा रोजगार मिल रहा है। करीब दो हजार श्रमिकों और सैकड़ों व्यापारियों को भी इससे रोजगार मिलेगा। सहालग के समय ऐसे कार्यक्रमों से टेंट कारोबार को दोगुनी रफ्तार मिलती है।
-विजय कुमार,
प्रदेश अध्यक्ष, टेंट कैटरर्स एंड डेकोरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन
राष्ट्रीय जंबूरी कार्यक्रम में लिए बने प्रवेश द्वार, हॉस्पिटल आदि।
राष्ट्रीय जंबूरी कार्यक्रम में लिए बने प्रवेश द्वार, हॉस्पिटल आदि।