ललित की फाइल फोटो व ग्रामीणों ने पेड़ों की डालियां डालकर सीतापुर हाईवे किया जाम।
बख्शी का तालाब। बाबापुरवा निवासी ललित कुमार (32) को बृहस्पतिवार को सीतापुर से लखनऊ आ रहे अज्ञात वाहन ने नंदना कट के पास टक्कर मार दी। इसमें उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद दोपहर को जैसे ही उनका शव गांव पहुंचा, गुस्साए ग्रामीणों ने शव वाहन रोककर सीतापुर हाईवे जाम कर दिया। इससे दोनों ओर लगभग डेढ़ हजार छोटे, बड़े वाहन फंस गए। जाम की स्थिति एक घंटे से अधिक समय तक बनी रही।
नाराज लोग मृतक परिवार को सरकार से अहेतुक सहायता व वाहन चालकी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। पुलिस ने उनकी मान मनौवल कर एंबुलेंस को बाहर निकलवाया। लगभग चार बजे एफआईआर की कॉपी मिलने के बाद ग्रामीण शव का अंतिम संस्कार करने के लिए राजी हुए।
प्रभारी निरीक्षक बीकेटी संजय कुमार सिंह ने बताया कि बाबापुरवा निवासी ललित कुमार सुबह साढ़े सात बजे घटना का शिकार हुए थे। घायल हालत में ललित को उठाकर राम सागर मिश्र हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां पर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जाम के दौरान एसीपी बीकेटी अमोल मुरुकुट के साथ बीकेटी, इटौंजा, महिंगवा, सैरपुर, मड़ियांव, जानकीपुरम, अलीगंज और बीकेटी महिला थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला था। आखिरकार साढ़े पांच बजे पुलिस की मौजूदगी में ललित के शव का अंतिम संस्कार किया गया।