लखनऊ। हाईस्कूल, इंटरमीडिएट और आईटीआई में निशुल्क प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं को प्रति माह नौ हजार रुपये का स्टाइपेंड मिलेगा। यह सुविधा प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत दी जाएगी।
अलीगंज राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य राजकुमार यादव ने बताया कि युवाओं को व्यावहारिक कार्य का अनुभव और उनके कॅरिअर को नई दिशा देने के लिए केंद्र सरकार ने यह योजना शुरू की है। इसका मुख्य उद्देश्य युवा शक्ति को आत्मनिर्भर बनाना है। चयनितों को देश-प्रदेश की शीर्ष 500 कंपनियों में 12 महीने की इंटर्नशिप करने का अवसर मिलेगा।
आईटीआई के प्लेसमेंट अधिकारी एमए खान ने बताया कि चयनितों को छह हजार रुपये की एकमुश्त सहायता राशि भी दी जाएगी। प्रवेश के लिए आवेदक की उम्र 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। 10वीं पास से लेकर पोस्टग्रेजुएट और आईटीआई के छात्र पात्र हैं। परिवार की वार्षिक आय 12 लाख से अधिक नहीं होनी चाहिए।
कंपनियों से प्रमाण पत्र व परफॉर्मेंस की मिलेगी रिपोर्ट
इंटर्नशिप करने वालों को कंपनियों से आधिकारिक प्रमाणपत्र और परफॉर्मेंस रिपोर्ट भी मिलेगी। इसके अलावा सरकारी बीमा सुरक्षा का कवरेज भी दिया जाएगा। इच्छुक वेबसाइट www.pminternship.mca.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन, ई-केवाईसी कर दस्तावेज अपलोड और पसंदीदा कंपनियों का चयन करना होगा।