लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर की RSS पर टिप्पणी का मामला गरमा गया है। अब इसमें ABVP भी उतर आया है। ABVP की प्रांत अध्यक्ष ने प्रोफेसर की बात पर पलटवार करते हुए इसे कुत्सित मानसिकता बताया।
राजधानी लखनऊ स्थित लखनऊ विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर रविकांत चंदन की आरएसएस पर की गई टिप्पणी का मामला राजनीतिक रंग ले चुका है। इस पर वाक युद्ध तेज हो गया है। इसको लेकर अब एबीवीपी भी मैदान में उतर आई है।
विज्ञापन
डॉ. रविकांत की टिप्पणी का एबीवीपी की प्रांत अध्यक्ष और नवयुग महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. मंजुला उपाध्याय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जवाब दिया है। प्रो. मंजुला ने लिखा कि 'मातृशक्ति को त्रिशूल और तलवार की दीक्षा संघ आत्मरक्षा और स्वाभिमान की रक्षा के लिए सिखाती है। दुष्टों से अपने शील के रक्षा के लिए सती नहीं उसका अंत करना प्रेरणा है। प्रोफेसर को कुतर्क शोभा नहीं देता कुत्सित मानसिकता का प्रतिबिंब है।'
दरअसल, प्रोफेसर रविकांत ने शुक्रवार को फेसबुक पर लिखा था कि सोनम और मुस्कान जैसी लड़कियां आरएसएस वाली सोच की उपज हैं। इस पर विरोध दर्ज कराते हुए छात्र नेता कार्तिक पांडे ने प्रोफेसर के खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत भी दी है।