गोमती रिवर फ्रंट डवपलमेंट योजना के तहत गांधी सेतु से ला मार्टीनियर के आगे स्थित रेलवे ब्रिज तक में सिंचाई विभाग दर्जनों टापू बनाने की तैयारी में है।
इसके लिए तैयार किए गए शुरुआती ड्राफ्ट में इनका निर्माण कराने का प्रावधान रखा गया है। इनका उपयोग नदी के बीच हरियाली,मनोरंजक स्थल और अन्य निर्माण के लिए होगा। वहीं पूरे क्षेत्र में वाटर स्पोर्ट्स के इंतजाम किए जाएंगे।
सिंचाई विभाग के मुख्य इंजीनियर एसएन शर्मा ने बताया कि करीब 2 किलोमीटर के नदी के विस्तार में बड़े स्तर पर खाली इलाका है,जहां तेज बारिश में बहाव का पानी नहीं पहुंचता है। रिवर फ्रंट डवपलमेंट तहत यहां नदी से निकली सिल्ट से ऊंचाई वाले स्थान बनाए जाएंगे।
दूसरी ओर नदी में करीब 15 मीटर की गहराई में बनाई जा रही डायफ्रॉम वॉल पानी की सतह से करीब 5 मीटर ऊपर रहेगी। लेकिन पानी ज्यादा होने पर वह डायफ्रॉम वॉल को पार कर जाएगा।
ऐसे में इस क्षेत्र में ऊंचे स्थान टापू का रूप ले लेंगे। इन्हें स्थायी रूप से टापू के तौर पर बनाए रखने के लिए पक्के चैनल बनाए जाएंगे। एक्सईएन रूप सिंह ने बताया कि यह योजना अभी शुरुआती स्तर कागजों पर तैयार की जा रही है,और जल्द ही इस पर जमीनी काम शुरू किया जाएगा।