तेलीबाग। पीजीआई संस्थान के कर्मी की बेटी के अपहरण का आरोपी इरशाद अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। वह इतना शातिर है कि मोबाइल और एटीएम का इस्तेमाल नहीं कर रहा, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस हो सके। एटीएस व पुलिस की सात टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।
कर्मी की बेटी 21 मई को लापता हुई थी। 22 मई को युवती के पिता ने इरशाद के खिलाफ पीजीआई थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया था। एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव ने बताया कि पुलिस की टीमें बरेली, आजमगढ़, रायबरेली, लखनऊ और तीन अन्य जनपदों में दबिश दे रही हैं। इरशाद के मोबाइल और किसी भी एटीएम बूथ पर डेबिट कार्ड का उपयोग न करने से उसे ट्रेस करना मुश्किल हो रहा है।
आरोपी ने परिजनों से भी नहीं किया संपर्क
पीजीआई पुलिस ने इरशाद के घरवालों से भी पूछताछ की है। हालांकि, उनसे भी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से वह न तो अपने माता-पिता से मिला और न ही किसी के जरिये उनसे संपर्क किया है। एसीपी ने युवती को लेकर उड़ रही अफवाहों को निराधार बताया। युवती को सीरिया ले जाने या धर्मांतरण के प्रयास की आशंका भी गलत है।
परेशान होकर बेटी ने चार बार बदला था नंबर
युवती के पिता ने बताया कि बेटी आरोपी की मानसिक प्रताड़ना से परेशान थी। उसने चार बार अपना मोबाइल नंबर बदला था। फिर भी इरशाद हर बार उसका नया नंबर हासिल कर लेता था।