यूपी बोर्ड परीक्षा में गड़बड़ी नहीं थम रही है। नया मामला काकोरी स्थित हलीम कॉन्वेंट इंटर कॉलेज का है। स्कूल की लापरवाही से इंटर वाणिज्य के 12 छात्रों का भविष्य दांव पर लग गया है। इन्हें सामान्य हिंदी के बजाय हिंदी का पेपर बांट दिया गया। अभिभावकों ने बुधवार काे इसकी शिकायत प्रधानाचार्य से भी की।
यह चूक इसलिए हुई कि प्रवेश पत्र में ही सामान्य हिंदी की जगह हिंदी विषय दर्ज होकर आया था, पर कॉलेज प्रशासन ने परीक्षा से पहले उसमें सुधार नहीं कराया। हलीम इंटर कॉलेज के छात्रों का परीक्षा केंद्र बाबू त्रिलोकी सिंह इंटर कॉलेज है। मंगलवार शाम की पाली में इंटर हिंदी व सामान्य हिंदी की परीक्षा थी।
प्रवेश पत्र में दर्ज विषय के हिसाब से उन्हें प्रश्नपत्र दिया गया। छात्रों ने इसकी शिकायत कक्ष निरीक्षकों से की तो उन्होंने प्रवेश पत्र में दर्ज विषय का हवाला दिया। ऐसे में छात्रों को मजबूरन हिंदी का पेपर देना पड़ा। ऐसे में उन्हें सभी प्रश्नों के उत्तर आते भी नहीं थे। छात्रों के बताने पर अभिभावकों ने प्रधानाचार्य मौलाना अब्दुल वहीद फारूकी से शिकायत की। उन्होंने बोर्ड से गलत एडमिट कार्ड जारी होने का हवाला देकर पल्ला झाड़ लिया।