भारतीय रेलवे खानपान व पर्यटन निगम (आईआरसीटसी) अब यात्रियों को मुन्नार (केरल) की सैर कराएगा। यह यात्रा 23 नवंबर से शुरू होगी, जो छह दिन की होगी। शुक्रवार को पैकेज की लॉन्चिंग हुई और बुकिंग भी शुरू हो गई।
आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अश्विनी श्रीवास्तव ने बताया कि नवंबर में केरल के मुन्नार के लिए यात्रा शुरू होगी, जो 28 को वापस आएगी। पैकेज में यात्रियों को लखनऊ से कोच्चि वाया बंगलूरू फ्लाइट से ले जाया जाएगा और तीन सितारा होटल में रुकने की व्यवस्था की जाएगी।
साथ ही, मुन्नार में चियापारा वाटर फॉल, टी म्यूजियम, कथकली नृत्य, इरावीकुलम नेशनल पार्क, पेरियार वाइल्ड लाइफ आदि जगहों का भ्रमण कराया जाएगा। पैकेज की कीमत प्रति व्यक्ति 34,750 रुपये रखी गई है। इसकी बुकिंग आईआरसीटीसी के गोमतीनगर स्थित पर्यटन भवन स्थित कार्यालय और वेबसाइट से कराई जा सकती है।
मुम्बई व दिल्ली के लिए स्पेशल ट्रेनें
- फोटो : डेमो
वहीं दीपावली व छठ पर्व पर वेटिंग के पैसेंजरों की सुविधा के लिए गोरखपुर से मुम्बई वाया लखनऊ और छपरा से दिल्ली के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। यह पांच फेरों में चलेंगी। पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ संजय यादव ने बताया कि ट्रेन 02597 गोरखपुर मुम्बई स्पेशल ट्रेन 20 व 27 अक्टूबर और तीन, दस व 17 नवम्बर को गोरखपुर से सुबह 8.25 बजे रवाना होगी, जो दोपहर 1.40 बजे लखनऊ पहुंचेगी।
जहां से अगली दोपहर सवा बारह बजे ट्रेन मुम्बई पहुंचेगी। वापसी में 02598 मुम्बई गोरखपुर स्पेशल 21 व 28 अक्तूबर और चार, 11 व 18 नवम्बर को मुम्बई से दोपहर 2.20 बजे रवाना होकर अगले दिन 1.50 बजे लखनऊ पहुंचेगी।
05101 छपरा दिल्ली स्पेशल ट्रेन 21 व 28 अक्टूबर और चार, 11 और 18 नवम्बर को छपरा से शाम चार बजे चलाई जाएगी, जो 2.35 बजे लखनऊ पहुंचेगी। यह दोपहर साढ़े बारह बजे दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में 05102 दिल्ली छपरा स्पेशल ट्रेन 22 व 29 अक्तूबर और पांच, 12 व 19 नवम्बर को दिल्ली से दोपहर दो बजे चलकर अगली रात बाहर बजे लखनऊ पहुंचेगी।