लखनऊ। लखनऊ अवध ने दमदार प्रदर्शन करते हुए रेसलिंग गोल्ड कप अपने नाम किया। टीम ने फाइनल मुकाबले में पश्चिम फाइटर्स को 8-1 के बड़े अंतर से मात दी। केडी सिंह बाबू स्टेडियम में खेली जा रही प्रतियोगिता के फाइनल में एसएसबी के खिलाड़ियों से जीतकर लखनऊ अवध टीम का दबदबा कायम रहा, जबकि पश्चिम फाइटर्स टीम चैंपियनशिप के फाइनल में महज एक जीत दर्ज कर सकी।
मुकाबले में विजेता टीम की ओर से पुरुष 57 किग्रा में राहुल ने विवेक, पुरुष 65 किग्रा में विक्की ने कुलदीप राणा, 74 किग्रा में सिद्धार्थ ने विकल, 86 किग्रा में मोहित कुमार ने विशाल कुमार, 86 से अधिक भारवर्ग में हर्ष राणा ने ऋषभ को पराजित किया। इसके अलावा महिला वर्ग के तहत विजेता टीम से 53 किग्रा में इशिका ने पूनम सोलंकी और 57 किग्रा भारवर्ग के मुकाबले में नीतू ने रिया और 65 किग्रा में एन चानू ने रिशू कुमार को हराया।
टीम चैंपियनशिप के महिला 65 से अधिक भारवर्ग के मुकाबले में पश्चिम फाइटर्स की इतिका ने लखनऊ अवध की सुनीता को मात दी। प्रतियोगिता के समापन राज्य के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। समापन पर कुश्ती एसोसिएशन के सचिव राजेश सिंह ने खिलाड़ियों का आभार जताया।