राज्य सरकार ने मंगलवार को गोण्डा के एसपी आकाश तोमर को हटा दिया। उनके स्थान पर 8वीं वाहिनी पीएसी बरेली में तैनात अंकित मित्तल को गोण्डा भेजा गया है। वहीं, आकाश तोमर को 8वीं वाहिनी का सेनानायक बनाया गया है। इसके अलावा जल्द कुछ अन्य आईपीएस अफसरों का तबादला भी करने की तैयारी है।
बताते चलें राज्य सरकार ने एडीजी सुरक्षा बीके सिंह समेत छह आईपीएस को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए कार्यमुक्त कर दिया गया है। उनके स्थान पर दूसरे आईपीएस अफसरों को तैनात किया जाना है। कार्यमुक्त होने वाले अधिकारियों में विजिलेंस में तैनात एलवी एंटनी देवकुमार, सीबीसीआईडी में तैनात आईजी मोदक राजेश दिनेश राव, पीएसी में तैनात एसपी सत्येंद्र कुमार, महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन में तैनात एसपी सुजाता सिंह और नोएडा पुलिस कमिश्नरेट में तैनात एसपी मीनाक्षी कात्यायन शामिल हैं।
ये भी पढ़ें - कांग्रेस चुनाव में सपा के साथ जाएगी या बसपा के, जानिए क्या-क्या बन सकते हैं समीकरण
ये भी पढ़ें - भाजपा में 30 फीसदी सांसदों के कटेंगे टिकट, पहले दौर के सर्वे में सामने आई सांसदों की जमीनी हकीकत
इसके पहले सोमवार को एटा और फतेहपुर के एसपी व एसएसपी की अदलाबदली की गई थी। फतेहपुर के एसपी राजेश कुमार सिंह को एटा का एसएसपी बनाया गया जबकि एटा के एसएसपी उदय शंकर सिंह को फतेहपुर का एसपी बनाया गया।
वहीं, रविवार देर रात चार आईएएस अफसरों की तैनाती में फेरबदल किया गया था। जल निगम के एमडी अनिल ढींगरा को गोरखपुर का मंडलायुक्त बनाया गया। उदय भानु त्रिपाठी को विशेष सचिव नगर विकास से विशेष सचिव आबकारी बनाया गया। सचिव नगर विकास रविंद्र कुमार को एमडी जल निगम नगरीय का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है और सत्य प्रकाश पटेल निदेशक दिव्यांगजन निदेशालय से विशेष सचिव नगर विकास विभाग बनाए गए।