पिछले दो सीजन में ऋषभ पंत की कप्तानी में एलएसजी ने 28 मैच खेले। इसमें टीम सिर्फ 10 मैच ही जीत सकी, जबकि 18 मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा। पिछले सत्र की तरह पंत कप्तानी के साथ बल्ले से भी अपना योगदान देने में विफल रहे। बार-बार उनका बल्लेबाजी क्रम बदलना भी समझ से परे रहा। मौजूदा सत्र में हैदराबाद के खिलाफ 50 गेंदों पर नाबाद 68 रन की पारी को छोड़ दें तो पंत के बल्ले से बड़ा स्कोर नहीं बना। लखनऊ सुपरजायंट्स से खेलते हुए पिछले दो सीजन में उनके बल्ले से कुल 581 रन निकले। पंत का औसत व स्ट्राइक रेट दोनों ही उनके करियर के सर्वश्रेष्ठ आंकड़ों से काफी नीचे रहे।
पंत के कप्तानी छोड़ने के बाद एलएसजी के नए कप्तान को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई है। एलएसजी की कप्तानी की रेस में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श और दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम का नाम सबसे आगे है। टीम में शामिल एक अन्य ओवरसीज खिलाड़ी निकोलस पूरन भी कप्तानी की होड़ में शामिल हैं। हालांकि इस सत्र में उनके बल्ले से रन नहीं निकले, जो उनके दावे को कुछ कमजोर कर सकता है।