लखनऊ पर जीत से प्लेऑफ की दावेदारी ठोकेगा चेन्नई
लगातार तीन हार से सीजन की शुरुआत करने वाली चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल में शानदार वापसी की और प्लेऑफ की होड़ में शामिल हो गई है। लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ शुक्रवार को होने वाले मुकाबले में टीम एक और जीत के साथ अपनी दावेदारी को और पुख्ता करना चाहेगी। दूसरी ओर अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर फिसल चुकी लखनऊ सुपरजायंट्स की नजर पिछली हार से हिसाब चुकाने पर होगी।
एकजुट प्रदर्शन के दम पर चेन्नई की वापसी
दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी की गैरमौजूदगी में चेन्नई की टीम ने लड़ने का मद्दा दिखाया है। खासतौर पर टी-20 विश्वकप में भारत की जीत के हीरो रहे संजू सैमसन (11 मैच में 53.75 की औसत से 430 रन) की अगुवाई में टीम ने जबर्दस्त वापसी करके प्लेऑफ का दावा ठोक दिया है।
लखनऊ के खिलाफ पिछले मुकाबले में महज 13 गेंदों पर पचासा जड़ने वाले विस्फोटक बल्लेबाज उर्विल पटेल भी अचानक सुर्खियों में आ गए हैं। अंशुल काम्बोज (11 मैच में 19 विकेट) और जेमी ओवरटन (10 मैच में 14) की जोड़ी ने गेंदबाजी आक्रमण को मजबूत किया है। फिनिशर के रूप में शिवम दुबे से टीम प्रबंधन को बड़ी पारी की उम्मीद होगी।
प्लेऑफ का समीकरण उलझा सकती है लखनऊ
खिताब की होड़ से बाहर हो चुकी लखनऊ की टीम अब दूसरी टीमों के समीकरण को उलझा सकती है। कागजों में बेहद मजबूत सुपरजायंट्स की टीम किसी भी मुकाबले का रुख अपनी ओर मोड़ने का मद्दा रखती है। ऐसे में चेन्नई को सतर्क होकर मुकाबले में उतरना होगा।
टीम के सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श (11 मैच में 377 रन) और युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव (10 मैच में 16 विकेट) शानदार फार्म में हैं। जोश इंग्लिश ने चेन्नई के खिलाफ 33 गेंदों पर 85 रन की धुआंधार पारी खेलकर खतरे की घंटी बजा दी है। चेन्नई के खिलाफ मुकाबले में लखनऊ का टीम प्रबंधन बेंच पर बैठे खिलाड़ियों को शामिल कर सकता है।
धोनी पर संशय कायम
आईपीएल शुरू होने से पहले अभ्यास सत्र में पिंडली में खिंचाव के चलते चोटिल हुए महेंद्र सिंह धोनी ने अभी तक एक भी मैच नहीं खेला है। मिली जानकारी के अनुसार वे पूरी तरह फिट हो चुके हैं और अभ्यास कर रहे हैं। बावजूद उन्हें खिलाने को लेकर संशय बना हुआ है। लखनऊ के खिलाफ होने वाले मुकाबले में वह अभी तक टीम से नहीं जुड़े हैं। ऐसे में उनके खेल की संभावनाएं बेहद कम है।