लखनऊ। अंसल के मालिक प्रणव अंसल की गिरफ्तारी न होने से नाराज खरीदार व निवेशक सीएम योगी से मिलकर मामले की शिकायत करेंगे। मामले में एलडीए की भूमिका की भी जांच कराने की मांग करेंगे। यह निर्णय शनिवार शाम को होम बायर्स के बैनर तले सुशांत गोल्फ सिटी स्थित शॉपिंग स्क्वायर के सामने आयोजित बैठक में लिया गया। खरीदारों ने कोर्ट में सुनवाई के दौरान एलडीए के वकील के चुप रहने पर सवाल खड़े किए हैं।
अंसल के दिवालिया होने से परेशान खरीदार और निवेशकों की बैठक में खरीदार पीयूष बंसल, वरुण अवस्थी, अजीत यादव व लव अग्रवाल ने कहा कि टाउनशिप के मालिक प्रणव अंसल के खिलाफ 200 अधिक एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अभी तक उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। नतीजतन वह निवेशकों के ही पैसों को फिल्म इंडस्ट्रीज में लगा रहा है।
यही नहीं, मुंबई में खुले आम पार्टी कर रहा है और फोटो खिंचवा रहा है। खरीदार व निवेशकों ने सीएम योगी अपील की कि जिस तरह सदन में प्रणव अंसल को पाताल से खोज लाने की बात कही थी, उसी तरह उसे गिरफ्तार कर जेल भेजें।
गगन टंडन ने कहा कि आमतौर पर किसी इंसान पर दो केस दर्ज होते ही पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई करती है। लेकिन सैकड़ों केस के बाद भी पुलिस न जाने किसके दबाव में उस बचा रही है। ईडी व इनकम टैक्स विभाग की छापेमारी के बाद भी पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। निवेशकों ने लखनऊ विकास प्राधिकरण की भूमिका पर सवाल उठाए।
मीडिया प्रभारी मनीष मिश्रा ने कहा कि कोर्ट में सुनवाई के दौरान विभाग का वकील मौन रहा। वकील ने कोई भी सवाल जवाब नहीं किया, बल्कि चुप रहकर बाहर निकल आए। एलडीए की कार्यशैली से खरीदारों में भरी नाराजगी है। बैठक में बोलते हुए आरके वर्मा ने कहा कि मामले में सरकार ही हम लोगों की मदद कर सकती है। लिहाजा जनता दरबार में सीएम योगी से मिलकर मामले की शिकायत कर प्रणव अंसल की गिरफ्तारी की मांग करेंगे।