आगरा के लेदर पार्क व मथुरा के कोसी कोटवन विस्तार परियोजना के काम तेजी से हो रहे हैं।
यूपीएसआईडीसी को उम्मीद है दिल्ली व हरियाणा के आसपास निवेश के लिए उत्सुक निवेशक इन परियोजनाओं में अच्छी रुचि लेंगे। यहां उद्यमियों के लिए हर तरह के भूखंड विकसित किए जा रहे हैं।
आगरा के चमड़ा उद्योग को आगे बढ़ाने के लिए वहां 283 एकड़ में लेदर पार्क का विकास किया जा रहा है। इससे जूता उद्योग व लेदर गुड्स की इकाईयों को प्रोत्साहन दिया जाएगा।
आगरा से 17 किलोमीटर दूर आगरा-जयपुर रोड पर विकसित हो रहे इस पार्क में पहले चरण में 1000, 2100 व 4000 वर्ग मीटर के भूखंड उपलब्ध कराए जाएंगे।
पार्क में हर तरह की अवस्थापना सुविधाएं, संचार साधन, पानी व बिजली की मुकम्मल व्यवस्था होगी। इसी तरह मथुरा में कोसी-कोटवन विस्तार परियोजना लाई जा रही है।
यूपी और हरियाणा सीमा के निकट 237 एकड़ की इस परियोजना से विकासकर्ताओं को बड़ी उम्मीदें हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर होने के साथ ही दिल्ली से केवल 96 किमी. दूर होने की वजह से विकासकर्ताओं को उम्मीद है कि इसमें हरियाणा से लेकर दिल्ली के आसपास निवेश के लिए आने वाले निवेशक रुचि ले सकते हैं।
यहां 600, 800, 1000, 1800 व 4000 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखंड उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है।
यूपीएसआईडीसी के एमडी मनोज सिंह बताते हैं कि ये परियोजनाएं निवेशकों की हर तरह की अपेक्षाएं पूरी करती हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग पर होने के साथ ही उच्चस्तरीय सुविधाएं आगरा व मथुरा जैसे शहरों में उपलब्ध हैं।