इन्वेस्टर्स समिट में निवेशकों के 50 करोड़ से ऊपर वाले एमओयू से जुड़े प्रोजेक्ट का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में कराने की योजना है। 50 करोड़ या इससे कम निवेश वाले प्रोजेक्ट का शिलान्यास जिला स्तर पर कराने का प्रस्ताव है।
शासन स्तर पर अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त (आईआईडीसी) अनूप चंद पांडेय की अध्यक्षता में एमओयू करने वाले निवेशकों के साथ यूनिट के शिलान्यास को लेकर लगातार चर्चा चल रही है।
सोमवार को अडानी ग्रुप की अलग-अलग कंपनियों के सीईओ के साथ प्रस्तावित प्रोजेक्ट की प्रगति पर चर्चा हुई। कंपनी 35 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रोजेक्ट प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित करने की तैयारी कर रही है। अडानी ग्रुप एग्रो कांप्लेक्स, अनाज भंडारण के लिए साइलो, लाजिस्टिक पार्क, सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट के अलावा बिजली के पारेषण प्रोजेक्ट में निवेश करना चाहता है।
पांडेय ने बताया इस कंपनी के कई प्रोजेक्ट पहले शिलान्यास समारोह में शामिल होंगे। इसी तरह बिड़ला ग्रुप अल्ट्राटेक सीमेंट प्रोजेक्ट मिर्जापुर में शुरू करने जा रहा है। यह ग्रुप 6000 करोड़ रुपये का निवेश करने जा रहा है। इस प्रोजेक्ट का शिलान्यास पहले समारोह में ही हो सकता है। इसके अलावा टीसीएस व इंफोसिस अपने नए प्रोजेक्ट नोएडा में शुरू करने को तैयार हैं।
उन्होंने बताया कि 23 मई को एमओयू करने वाले निवेशकों के साथ बैठक तय है। इसमें निवेशकों के प्रोजेक्ट की स्थापना से जुड़ी तैयारियों पर चर्चा होगी। आईआईडीसी ने बताया है कि एमएसएमई सेक्टर के करीब 500 प्रस्ताव हैं, जिनका परीक्षण जिला स्तर पर हो रहा है। उन्होंने बताया कि 50 करोड़ रुपये से कम वाले इन्वेस्टमेंट प्रोजेक्ट का शिलान्यास जिला स्तर पर कराने की योजना है।