रेडियो मुख्यालय में महिला पुलिस कर्मियों के शारीरिक शोषण संबंधी शिकायत की जांच कराई जा रही है। शुुरुआती जांच में जिसके नाम से शिकायत की है, उसने ऐसी किसी तरह की शिकायत करने से इन्कार कर दिया है। फिर भी इस मामले की जांच आंतरिक शिकायत समिति को दे दी गई और जल्द से जल्द जांच पूरी कर रिपोर्ट मांगी गई है।
एडीजी टेलीकाम सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि वायरल शिकायती पत्र में यूपी 112 से वायरलेस में वापस आने वाली महिला कर्मियों के शोषण की बात कही गई है। उन्होंने बताया कि यूपी 112 जब स्थापित हुआ था उसी समय 2 साल के लिए रेडियो मुख्यालय से 120 कर्मियों को संबद्ध किया गया था। पिछले दिनों 25 कर्मियों को बदलने के लिए एडीजी यूपी 112 असीम अरुण ने पत्र लिखा था। लॉकडाउन के कारण उस पत्र पर फौरन अमल नहीं किया गया बल्कि पिछले जुलाई महीने में पांच लोगों को बारी-बारी और 20 को एकमुश्त वायरलेस मुख्यालय पर वापस बुला लिया गया।
उन्होंने बताया कि शारीरिक शोषण के जो आरोप लगाए गए हैं वह बेबुनियाद हैं। जिस महिला के नाम से प्रार्थना पत्र दिया गया वह भी फर्जी है। उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों के लिए यहां पहले ही आंतरिक शिकायत समिति है, जो इस तरह के मामलों की जांच करती है। डीआईजी टेलीकाम सुनीता शर्मा इसका नेतृत्व करती हैं। उन्हीं को पूरे मामले की जांच जल्द से जल्द पूरी करने को कहा गया है।