रायबरेली। महिला के मोबाइल पर की गई अश्लील चैट की जांच मंगलवार को शुरू हो गई है। पुलिस पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला के मोबाइल पर किस नंबर से चैट की गई।ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति ने आईजी को पत्र भेजकर आरोप लगाया था कि जिले में तैनात एक निरीक्षक ने उसकी पत्नी के मोबाइल पर अश्लील चैट कर दी है। विरोध करने पर निरीक्षक ने उसे धमकी भी दी है। सोमवार को सोशल मीडिया पर चैट वायरल होने पर एसपी ने प्रकरण की जांच सीओ डलमऊ को सौंपी थी।
सीओ डलमऊ ने मंगलवार को महिला को बयान देने के लिए कार्यालय बुलाया था, लेकिन वह बयान देने नहीं पहुंची। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि किस मोबाइल से चैट वायरल की गई थी। जिस मोबाइल से चैट महिला के मोबाइल पर भेजी गई, वह मोबाइल नंबर किसका है।
सीओ डलमऊ अरुण कुमार नौहवार ने बताया कि महिला बयान देने के लिए ऑफिस नहीं आई थी। उसके पति से प्रकरण की जानकारी ली गई है। हर तथ्यों की जानकारी के बाद ही प्रकरण की असलियत सामने आएगी।
वहीं, मंगलवार को महिला का सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हुआ। इसमें वह कह रही है कि उसका पति उसे जीने नहीं दे रहा है। ससुराल से मायके आ गई है, तब भी उसका उत्पीड़न किया जा रहा है। महिला अपने पति पर कार्रवाई की मांग कर रही है। सीओ का कहना है कि महिला के वायरल ऑडियो की जानकारी हुई है। ऑडियो की भी जांच कराई जा रही है।