विराट कोहली इस समय शानदार क्रिकेट खेल रहे हैं। द. अफीका के खिलाफ खेली आतिशी शतकीय पारी का हम सबने लुत्फ उठाया। पूरी पारी के दौरान विराट शानदार फार्म में दिखें। अपने शिष्य को अच्छा खेलते देखकर गर्व महसूस होता है। मैं ही क्यूं, पूरा देश चाहता है कि विराट वर्ष 2027 का वनडे विश्वकप खेले। यह कहना है विराट कोहली के कोच रहे राजकुमार शर्मा का, जो लखनऊ में चल रही सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में असम टीम मेंटर बनकर आए हैं।
उन्होंने कहा कि हर खिलाड़ी का सपना देश के लिए विश्वकप जीतना होता है। विराट के पास वनडे और टी-20 विश्वकप की ट्राॅफी है। हर खिलाड़ी अधिक से अधिक विश्वकप खेलना चाहता है। विराट इस समय शानदार खेल रहे हैं, जो उन्हें 2027 विश्वकप खेलने का बड़ा दावेदार बनाता है। इस बारे में बीसीसीआई और चयनकर्ताओं को तय करना है कि वे विराट को कहां पर देखते हैंं, पर बतौर कोच मैं उन्हें विश्वकप खेलते देखना चाहता हूं।
विराट पिछले 15 वर्षों से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में निरंतरता के साथ धमाकेदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। आज भी उनकी मैच के प्रति लगन देखते ही बनती है। उन्होंने अपनी फिटनेस से नए आयाम स्थापित किए हैं। 37 साल की उम्र में उन्हें एक युवा की तरह खेलते देखना शानदार लगता है। विराट ने पूरे देश को फिटनेस का मंत्र दिया, जो उन्हें अन्य खिलाड़ियों से अलग बनाता है।
टेस्ट में विराट की वापसी के बाबत पूछने पर कहा कि देखिए, इस मामले में मेरा कुछ भी कहना सही नहीं होगा। टेस्ट क्रिकेट में वापसी को लेकर विराट और बीसीसीआई को फैसला करना है। फिलहाल में वह वनडे क्रिकेट के लुत्फ उठा रहा है। विराट के बचपन के बारे में राजकुमार ने कहा कि विराट शुरू से ही गिफ्टेड खिलाड़ी रहा है। नेट्स पर उसके शॉट देखते ही बनते थे। वह बचपन में काफी शैतान था। साथ ही उन्हें नॉनवेज खाने का भी शौक था, लेकिन भारतीय टीम में शामिल होने के बाद उन्होंने फिटनेस पर काम किया, जिसका परिणाम आज सबके सामने हैं।