राजधानी की मेट्रो रेल परियोजना के लिए बुधवार और
बृहस्पतिवार का दिन खास है। दोनों दिन एलएमआरसी की नई टीम चुनने के लिए
साक्षात्कार हो रहे हैं।
एमडी और चार निदेशकों के पदों के लिए कुल 46 उम्मीदवार हैं, इसमें से कई रेलवे के वर्तमान अफसर हैं।
इन दो दिनों में एलएमआरसी का नया स्वरूप सामने आ जाएगा। मुख्य सचिव आलोक रंजन के कार्यालय में बुधवार दोपहर 12 बजे से इंटरव्यू शुरू हो गए।
मेट्रो के टेक्नोक्रेट एमडी और निदेशकों की भर्ती को लेकर इंटरव्यू 23 और 24 जुलाई को होंगे। एलएमआरसी के प्रमुख सलाहकार ई. श्रीधरन इन दो दिनों के लिए राजधानी आ गए हैं।
उनके साथ ही रेलवे बोर्ड के चेयरमैन अरुणेंद्र कुमार भी हैं। अरुणेंद्र कुमार इंटरव्यू प्रक्रिया में हिस्सा लेने के साथ-साथ चारबाग रेलवे स्टेशन का निरीक्षण भी करेंगे।
मुख्य सचिव आलोक रंजन, चेयरमैन रेलवे बोर्ड और प्रमुख सलाहकार का पैनल ही एमडी पद का इंटरव्यू कर रहा है। इसके बाद में बाकी निदेशकों का इंटरव्यू मुख्य सचिव के प्रमुख सलाहकार और टेक्नोक्रेट एमडी करेंगे।
एलएमआरसी के एक अधिकारी ने बताया कि सुबह 10 बजे तक श्रीधरन राजधानी में होंगे और दोपहर 12 बजे मुख्य सचिव के ऑफिस में इंटरव्यू शुरू हो गए।
पहले दिन एमडी के लिए इंटरव्यू हो रहा है और 24 जुलाई को निदेशक पदों के लिए साक्षात्कार होगा।