राजनीति के बारे में टॉम का कहना है कि अब जनता देश के बारे में सोंचने लगी है, अतः इस बार के चुनावी नतीजे चौंकाने वाले होंगे। हालांकि उन्होने राजनीति के कड़वे सच से भी इनकार नहीं किया।
टॉम कहते हैं कि कांग्रेस ने सिखों का कत्लेआम करवाया और सत्ता हासिल की। भाजपा ने विवादित ढांचा गिरवाकर और गुजरात में दंगों के बूते सत्ता प्राप्प्त की।
बिल्कुल वैसी ही लहर इस समय नजर आ रही है लेकिन यह बात गौरतलब है कि इस बार नतीजे चौंकाने वाले होंगे। मतलब, अरविंद केजरीवाल के आने से अन्य दलों की रणनीतियां बदल गईं।
लोगों ने देश और उससे जुड़े मुद्दों के बारे में सोचना शुरू कर दिया है। उन्हें स्वस्थ राजनीति का एक रास्ता नजर आने लगा है।
वोटर खुद करें आकलन...
‘शक्तिमान’ में महागुरु का किरदार निभाने वाले अभिनेता टॉम कहते हैं कि हम अमेरिका को कोसते हैं पर कश्मीर को कब्जे में रखने के लिए लाखों सैनिकों को तैनात कर रखा है।
ऐसे ही जब राजनीति में दृष्टा (विजनरी) उतरता है तो उसे हम नकार देते हैं और जातिगत व धार्मिक आधार पर वोटिंग करते हैं।
हमें खुद का आकलन करना होगा और देशहित में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करे।
लखनऊ में अब नहीं है 'फुर्सत'
लखनऊ अक्सर आने वाले अभिनेता हिन्दुस्तानी भाषा में बात करने को तरजीह देते हैं। कहते हैं कि इस बार ‘दीवान-ए-मीर’ किताब यहां से ले जाऊंगा।
कहते हैं कि बहुत अर्से से यह बात सालती आ रही है कि लखनऊ से फुर्सत गायब होती जा रही है। मसलन, लोगों के बाद पास वक्त ही नहीं है बैठकर बात करने का।
हालांकि, यह स्थिति देश के हर शहर में देखने को मिलती है। वह पिछली बार मौलाना अबुल कलाम आजाद की शख्सियत पर आधारित नाटक ‘मौलाना’ के मंचन के लिए शहर आए थे।
नेहरू, गांधी, पटेल, जिन्ना अदालत में...
आगामी नाटक ‘यदि’ में गांधी की भूमिका निभाने वाले अभिनेता टॉम अल्टर कहते हैं कि एक अदद ख्वाहिश है नेहरू और जिन्ना का किरदार निभाने की।
हालांकि, वे कहते हैं कि दोनों शख्सियतों में से नेहरू की भूमिका निभाना पसंद करेंगे।
कहते हैं कि एक प्ले पर काम चल रहा है, जिसमें नेहरू, गांधी, पटेल व जिन्ना को अदालत में खड़ा किया गया है और उनसे प्रश्न किया गया कि विभाजन को रोकने का प्रयास क्यों नहीं किया गया।
हालांकि, इस नाटक के पूरा होने में वक्त लगने की बात वह कहते हैं।
टॉम का सफर
अभिनेता बताते हैं कि जगधारी (हरियाणा) में शिक्षक थे। राजेश खन्ना अभिनीत फिल्म ‘अराधना’ की प्रेरणा मिली और पुणे के एफटीआईआई में एडमिशन ले लिया फिर देवानंद अभिनीत ‘साहिब बहादुर’ में अभिनय किया लेकिन डेब्यू फिल्म ‘चरस’ है।
‘परिंदा’, ‘सरदार’, ‘भेजा फ्राई’, ‘वीर जारा’ और ‘मंगल पांडे’ सहित करीब 300 फिल्मों में अभिनय किया। इसके अलावा ‘शक्तिमान’, ‘कैप्टन व्योम’ व ‘एक फुरसत ए गुनाह’ जैसे धारावाहिकों व तमाम नाटकों में अभिनय किया।
आने वाली फिल्में...
अभिनेता बताते हैं कि फिलहाल तो तीन फिल्में पाइपलाइन में हैं, जो जल्द रिलीज होंगी। राजा बुंदेला निर्देशित ‘एलेक्स हिन्दुस्तानी’, आदिया पार्थ की ‘चीखा’ जिसमें सन्यासी का किरदार निभा रहा हूं और रितेश के निर्देशन में बनी ‘प्रॉमिस डैड’ में काम कर रहा हूं।
इसके अलावा दो किताबों का लेखन चल रहा है। पहली शायरों पर है और दूसरी रंगमंच पर।