निर्धारित तिथि से चार दिन पहले ही अतिथि व्याख्याता का इंटरव्यू
पुनर्वास विवि में कला संकाय का मामला
डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में चल रहे अतिथि व्याख्याता इंटरव्यू में गड़बड़ी का आरोप लगा है। विश्वविद्यालय ने अतिथि व्याख्याता के इंटरव्यू को पूर्व निर्धारित तिथि से चार दिन पहले ही करा लिया। खास ये कि इसकी सूचना भी एक दिन पहले वेबसाइट पर दी गई। अभ्यर्थियों ने इसके इंटरव्यू दोबारा कराने की मांग की है।
विवि में शैक्षिक सत्र 2019-20 में कला एवं संगीत संकाय के अंतर्गत समाजशास्त्र, सामाजिक विज्ञान एवं समाजकार्य विभाग में अतिथि व्याख्याता के लिए 30 जुलाई को इंटरव्यू प्रस्तावित था। जिसके लिए आवेदन लिए गए थे। वहीं 25 जुलाई को रजिस्ट्रार अमित कुमार सिंह की तरफ से एक सूचना जारी की गई, जिसमें कहा गया कि 30 जुलाई को प्रस्तावित वॉक इन इंटरव्यू अपरिहार्य कारणों से 26 जुलाई को सुबह 9 बजे आयोजित किया जाएगा।
वहीं विधि संकाय में 31 जुलाई को प्रस्तावित इंटरव्यू 30 जुलाई को सुबह 9 बजे से आयोजित किया जाएगा। अभ्यर्थियों का कहना है कि 12 से 25 जुलाई तक आवेदन लिए गए और अगले दिन ही इंटरव्यू होगा, यह कोई अभ्यर्थी सोच ही नहीं सकता। इसकी वजह से कई अभ्यर्थी इसमें शामिल होने से वंचित रह गए। वहीं विश्वविद्यालय प्रवक्ता प्रो. अश्वनी कुमार दुबे ने कहा कि वेबसाइट पर इंटरव्यू पूर्व में होने की सूचना अपडेट कर दी गई थी।