अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर बुधवार को लखनऊ के विकास खंड माल में जिला प्रशासन की एक अनूठी पहल देखने को मिली। इस दौरान बेटियों को सशक्त बनाने का संदेश देते हुए कुछ छात्राओं को एक दिन का अधिकारी बनाया गया। किसी बच्ची को बीडीओ ने तो किसी को एडीओ ने अपनी कुर्सी पर बैठाया।
दो छात्राओं ने ग्राम प्रधान की कुर्सी संभाली। खास बात रही कि अफसर बनी बेटियों ने भी इस मौके का भरपूर लाभ उठाया और अपनी प्रशासनिक क्षमता का परिचय देते हुए न केवल समस्या लेकर आने वालों की समस्याएं सुनीं बल्कि उनका झटपट निस्तारण भी किया।
इतना ही नहीं उन्होंने ग्रामीणों को भी उनकी जिम्मेदारी समझाई। समस्या लेकर पहुंचे ग्रामीणों ने जब अधिकारियों के कमरे में प्रवेश किया तो वहां कुर्सी पर गांव की बच्चियों को बैठा देख पहले तो वे चौंके, फिर सच पता चलने पर बेटियों के बेहतर भविष्य की उम्मीद से उनकी आंखें चमक उठीं।
डॉली कक्षा 12 की छात्रा है। वह माल के राम दुलारी काशी प्रसाद इंटर कॉलेज में पढ़ती है। बुधवार को वह छात्रा नहीं बल्कि बीडीओ की भूमिका में थी। सुबह दस बजते ही उसे वर्तमान बीडीओ भोलानाथ कनौजिया ने पदभार सौंपा। देखते ही देखते शिकायतकर्ताओं की लाइन लग गई।
निपटाए जाएंगे लंबित मामले
एडीओ बनी सबीना बानो
- फोटो : amarujala
कोई गांव के रास्ते में बने घूरे की शिकायत लेकर पहुंचा तो किसी ने शौचालय बनाने के लिए मदद मांगी। कुछ ग्रामीण प्रधानमंत्री आवास की गुहार लगाने पहुंचे थे। डॉली ने संबंधित अधिकारी को तत्काल शौचालय निर्माण के लिए मदद मुहैया कराने का आदेश दिया। वहीं पीएम आवास का आश्वासन दिया।
अफसर बनने के अनुभव के बारे में पूछने पर डॉली बोली, अब वह सच में अफसर बनने के लिए पढ़ाई करेगी। उसने चंदवारा गांव का निरीक्षण भी किया। इस निरीक्षण में गांव के रास्ते में भैंस बांधने, विधवा पेंशन न मिलने, मनरेगा में कार्य करने के बावजूद 25 दिन का मानदेय न मिलने की शिकायतें मिली।
डॉली ने सभी ग्रामीणों को कठिनाईयां दूर करने की आस भी बंधाई। साथ ही उन्होंने खुद भी इसके लिए पहल करने की सलाह दी। दूसरी तरफ सहायक विकास अधिकारी पंचायत के पद पर सबीना बानो बैठी। मौजूदा एडीओ रवींद्र कुमार त्रिपाठी ने उसे कार्यभार सौंपा। आदर्श सतेंद्र सिंह महाविद्यालय की बीकॉम की छात्रा सबीना बानो ने जल्द से जल्द लंबित मामले निपटाने का आदेश ग्रामीणों को दिया।
सुलझेंगी सबकी समस्याएं
सीडीपीओ बनी प्रिंयका
- फोटो : amarujala
बाल विकास परियोजना अधिकारी का एक दिन का कार्यभार आट गढ़ी सौरा गांव की निवासी और विश्वनाथ महाविद्यालय नेवादा हरदोई की बीए की छात्रा प्रियंका सिंह ने संभाला। ग्रामीणों ने जब समस्याएं न सुनें जाने की शिकायत की तो अफसर बिटिया ने आश्वासन दिया कि उनकी समस्याएं जल्द सुलझाई जाएंगी।
चंदवारा ग्राम पंचायत के सचिव आशीष कुमार पांडे ने अपना कार्यभार मसीढ़ा रतन निवासी खुनखुनजी गर्ल्स डिग्री कॉलेज की बीए प्रथम की छात्रा अंजुम को सौंपा। ग्राम प्रधान बेचलाल यादव की जगह मसीढ़ा हमीर निवासी नन्हे सिंह इंटर कॉलेज की इंटर की छात्रा अवंतिका ने प्रधान की भूमिका निभाई।