लखनऊ। विभूतिखंड में 23 मार्च को रिकवरी एजेंटों ने रोहतास एन्क्लेव निवासी इंटर के छात्र रुद्र प्रताप सिंह का अपहरण कर लिया। पुलिस की सतर्कता के चलते आरोपी छात्र को सुरक्षित छोड़कर भाग निकले। छात्र के पिता की तहरीर पर विभूतिखंड पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
छात्र के पिता कृष्ण मोहन सिंह ने बताया कि 23 मार्च को बेटा चिनहट स्थित आरएलबी स्कूल से छुट्टी के बाद स्कूटी से घर आ रहा था। विभूतिखंड स्थित मधुरिमा होटल के पास रिकवरी एजेंटों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने धमकाते हुए बेटे का अपहरण कर लिया। एजेंटों ने बेटे से उनका नंबर ले लिया। फिर उन्हें कॉल कर विभूतिखंड स्थित कमला टॉवर के पास मिलने के लिए बुलाया। मना करने पर आरोपियों ने बेटे को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। उन्होंने बेटे को छोड़े जाने की विनती की पर वे नहीं माने। इस पर उन्होंने विभूतिखंड पुलिस से शिकायत की। पुलिस आरोपियों की लोकेशन ट्रेस करते हुए मौके पर पहुंची तो वहां उन्हें रुद्र अकेला सुरक्षित खड़ा मिला।
कृष्ण मोहन का कहना है कि आरोपी इस तरह से बच्चों का अपहरण कर रंगदारी वसूलते हैं। इंस्पेक्टर अमर सिंह ने बताया कि कृष्ण मोहन के किसी वाहन की किस्त बाकी थी। उसे वसूलने के लिए आरोपियों ने छात्र को रोका था। फिलहाल मामले की जांच और सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं।