रायबरेली। ट्रेनों की लेटलतीफी कम नहीं हो रही है। अगर किसी स्टेशन पर देर तक ट्रेन खड़ी हो जाए तो मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। बृहस्पतिवार को इंटरसिटी एक्सप्रेस 20 मिनट तक रायबरेली स्टेशन पर खड़ी रही, जिससे भीषण गर्मी में यात्री पसीने से तरबतर हो गए। समर स्पेशल समेत कई ट्रेनें काफी विलंब से आईं, जिससे यात्री परेशान हुए।
लखनऊ से प्रयागराज जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस सुबह 9.09 बजे रायबरेली स्टेशन पहुंची। करीब 20 मिनट रोके जाने के बाद लगभग साढ़े नौ बजे छूटी। वजह यह कि जिस तरफ इंटरसिटी को जाना था, उधर से त्रिवेणी एक्सप्रेस आ रही थी। शक्ति नगर से टनकपुर जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस करीब चार घंटे लेट होने के कारण सुबह 9.26 बजे पहुंची तो पहले से खड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस रवाना की गई। इंटरसिटी एक्सप्रेस में बैठे यात्री परेशान हो गए तो प्लेटफार्म पर टहलने लगे।
नियमित ट्रेनों की तरफ समर स्पेशल ट्रेनें भी लेट पहुंची। जय नगर से आनंद विहार जाने वाली समर स्पेशल ट्रेन सवा आठ घंटे, बनारस से देहरादून जाने वाली जनता मेल, बनारस से नई दिल्ली जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस एक घंटे, देहरादून से बनारस जाने वाली जनता मेल, टनकपुर से शक्ति नगर जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस पौन घंटे और सहारनपुर से प्रयागराज जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस आधे घंटे देर से पहुंची। स्टेशन अधीक्षक रवि रंजन ने बताया कि ट्रेनें पिछले स्टेशनों से लेट हुई हैं।
तत्काल टिकट को लेकर हुई शिकायत में बयान दर्ज
रायबरेली। जिले के डलमऊ रेलवे स्टेशन पर तत्काल टिकट बनाने में मनमानी किए जाने की शिकायत को लेकर जांच शुरू हो गई है। घटना 27 मई की है। तत्काल टिकट बनवाने के लिए लाइन में लगे उन यात्रियों ने शिकायत की थी, जिनके टिकट नहीं बन सके थे। यात्रियों का कहना था कि लाइन में पीछे लगे यात्रियों के टिकट बनाए गए, लेकिन पहले से लगे यात्रियों की अनदेखी की गई। मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचा तो जांच शुरू हो गई। रिजर्वेशन काउंटर पर तैनात कर्मचारी को लखनऊ मंडल कार्यालय तलब किया गया।
वाणिज्य निरीक्षक जांच करने डलमऊ पहुंचे। डलमऊ के स्टेशन अधीक्षक के बयान दर्ज किए गए हैं। स्टेशन अधीक्षक अशोक तिवारी का कहना है कि उन्होंने अपना बयान दर्ज कराया है। वाणिज्य निरीक्षक अवधेश कुमार का कहना है कि तत्काल टिकट बनाने वाले डलमऊ के कर्मचारी एके मीणा को लखनऊ बुला लिया गया है। अभी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।