उत्तर प्रदेश के मेरठ में जादूगर का बाग स्थित मंदिर में सांई बाबा की मूर्ति पर कालिख डालने के विरोध में अनुयायियों ने हंगामा कर दिया। सूचना पर मंदिर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को शांत किया।
इधर, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए सांई भक्तों ने 18 अक्तूबर को महापंचायत का ऐलान किया है। जादूगर का बाग स्थित दशावतार भगवान परशुराम राधा-कृष्ण मंदिर में तीन साल पहले सांई बाबा की मूर्ति स्थापित की गई थी।
पुजारी खुशी राम शांडिल्य के मुताबिक मंगलवार रात किसी ने सांई की मूर्ति पर कालिख डाल दी। बुधवार सुबह करीब पांच बजे मंदिर पहुंचे तो उन्हें यह जानकारी मिली। इस पर उन्होंने मंदिर समिति के अध्यक्ष राकेश गौड़ सहित अन्य पदाधिकारियों को सूचना दी। इस बीच, सैकड़ों सांई भक्त मंदिर में इकट्ठा हो गए।
आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सांई भक्तों ने जमकर हंगामा काटा और नारेबाजी की। सूचना पर नौचंदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हंगामा बढ़ा तो एएसपी सिविल लाइंस और अन्य थानों की फोर्स भी मौके पर पहुंची।