इंस्टाग्राम इंफ्लूएंसर से मांगी रंगदारी।
- फोटो : इंस्टाग्राम इंफ्लूएंसर से मांगी रंगदारी।
लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी के बुद्ध विहार कॉलोनी निवासी इंस्टाग्राम इंफ्लूएंसर जतिन शुक्ला को अज्ञात व्यक्ति ने लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी भरा मेल भेजा और उनसे 13 हजार वसूल लिए। पीड़ित की शिकायत पर सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा में एफआईआर दर्ज की है।
जतिन ने बताया कि वह इंस्टाग्राम पर indianfinance.in नाम से अकाउंट चलाते हैं। कुछ अज्ञात लोग उनके इंस्टा अकाउंट पर फर्जी कॉपीराइट क्लेम रहे हैं। आरोपियों ने यह हरकत Lawrence Bishnoi1109outlook.com और vggvghg724gmail.com ईमेल के जरिये की है। इन फर्जी शिकायतों कारण वह जो भी कंटेंट अकाउंट पर डाल रहे हैं उसे इंस्टाग्राम हटा दे रहा है। उनके अकाउंट पर दो कॉपीराइट स्ट्राइक (आपत्ति) भी लग चुकी हैं। जतिन ने कहा कि आरोपियों ने लॉरेंस बिश्नोई के नाम का इस्तेमाल कर स्ट्राइक हटाने के बदले रंगदारी मांगी। ऐसे में उन्होंने 13 हजार रुपये आरोपियों के खाते में ट्रांसफर कर दिए, लेकिन वे और रकम मांग रहे थे और धमका रहे थे। इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि शिकायती पत्र के आधार पर आईटी एक्ट में कार्रवाई की गई है। साइबर क्राइम सेल मामले की तफ्तीश कर रही है।