गोसाईंगंज। आईजीआरएस पर हुई शिकायतों का बिना स्थलीय निरीक्षण किए फर्जी रिपोर्ट लगाने पर गोसाईंगंज थाने में तैनात दरोगा सुरेश पांडेय को डीसीपी दक्षिण निपुण अग्रवाल ने बुधवार शाम लाइन हाजिर कर दिया। दरोगा के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश दिए हैं।
डीसीपी के मुताबिक आईजीआरएस में दर्ज शिकायतों के निस्तारण का फीडबैक लेने के दौरान दरोगा की लापरवाही सामने आई है। जांच के दौरान छह शिकायतकर्ताओं ने असंतुष्टि जाहिर की। उन्होंने बताया कि शिकायत करने पर न तो कोई अफसर जांच करने आया और न ही किसी ने फोन से बात कर समस्या जानने की कोशिश की। छानबीन में सामने आया कि छह शिकायतों की जांच दरोगा सुरेश पांडेय को मिली थी। इन्होंने बिना स्थलीय जांच किए ही फर्जी रिपोर्ट लगा कर मामले को निस्तारित कर दिया। इसी कारण आईजीआरएस रैंकिंग में गोसाईगंज थाना काफी पीछे रहा।