लखनऊ। इंस्पेक्टर गुडंबा प्रभातेश श्रीवास्तव को मंगलवार को लाइन हाजिर कर दिया गया। आरोप है कि गुडंबा थाने के हिस्ट्रीशीटर की इंस्पेक्टर ने निगरानी नहीं की और उसने शनिवार रात में विकासनगर सेक्टर-चार में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। आरोपी हिस्ट्रीशीटर जानकीपुरम निवासी रोहित ने अलीगंज के हनी तिवारी पर गोली चलाई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए लापरवाही बरतने के आरोप में इंस्पेक्टर को लाइन हाजिर किया गया है। इसके अलावा बख्शी का तालाब के पूर्व विधायक अविनाश त्रिवेदी ने भी अधिकारियों से इंस्पेक्टर की शिकायत की थी। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की थी। इंस्पेक्टर के हटाए जाने के बाद पूर्व विधायक ने खुशी जाहिर की और इसे जनता की जीत बताई।
गोलीकांड शनिवार रात करीब 2:30 बजे हुई थी। हनी तिवारी दोस्तों के साथ विकासनगर सेक्टर-चार स्थित आईवोरी कैफे में बैठा था। इसी दौरान रोहित साथियों के साथ वहां पहुंचा था। दोनों पक्ष धक्का-मुक्की करते हुए कैफे के बाहर आ गए। आरोप है कि इस बीच रोहित ने हनी पर पिस्टल से फायरिंग शुरू करी दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से लोग दहशत में आ गए थे। विकासनगर पुलिस ने हनी की तहरीर पर रोहित व उसके साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा में एफआईआर दर्ज की थी। अभी हाल में ही इंस्पेक्टर गौतमपल्ली, इंस्पेक्टर अलीगंज और इंस्पेक्टर इटौंजा को लाइन हाजिर किया गया था।