लखनऊ। तालकटोरा थाने में तैनात दरोगा इब्नेयास अहमद (56) को अचानक ड्यूटी के दौरान मंगलवार सुबह छह बजे बुखार आया और घबराहट होने लगी। हालत बिगड़ने उनको ट्राॅमा सेंटर पहुंचाया गया, वहां उनकी मौत हो गई।
कानपुर नगर के बाबुपुरवा निवासी इब्नेयास अहमद राजाजीपुरम के ई ब्लॉक में किराये पर रहते थे। वे डेढ़ साल पहले प्रयागराज से ट्रांसफर होकर यहां आए थे। सोमवार रात उनकी गश्त ड्यूटी थी। डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि ऐसी आशंका है कि दरोगा की मौत हार्ट अटैक के चलते हुई है।
इंस्पेक्टर तालकटोरा कुलदीप दुबे ने बताया कि दरोगा मूल रूप से फतेहपुर खखरेरू के रहने वाले थे। परिवार में पत्नी सितारा परवीन, बेटा इलियास अहमद, साहिल इस्लाम, साबिर और बेटी सबा हैं। सभी लोग प्रयागराज में मां के साथ रहकर पढ़ाई करते हैं। 15 फरवरी को दरोगा की पत्नी बड़े बेटे इलियास के साथ रीढ़ की हड्डी का इलाज करने आई थीं। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर फतेहपुर चले गए।