अयोध्या। श्रावण मेला और कांवड़ यात्रा की तैयारियों का शनिवार को नगर निगम ने स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने मेला क्षेत्र का भ्रमण कर नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की और जहां सफाई व प्रकाश व्यवस्था में कमियां मिलीं, वहां उन्हें तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने सुबह करीब 7:30 बजे अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव और अन्य अधिकारियों के साथ राम की पैड़ी, सरयू आरती घाट, नया घाट, नागेश्वरनाथ मंदिर परिसर, लता मंगेशकर चौक, रामपथ और धर्मपथ सहित प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई, शुद्ध एवं शीतल पेयजल, सार्वजनिक सुविधाओं, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए किए गए इंतजामों की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मेला अवधि में सभी नागरिक सुविधाएं निर्बाध रूप से संचालित रहें। नियमित फील्ड निरीक्षण किया जाए और किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि जहां प्रकाश व्यवस्था में कमी है, वहां लाइटें दुरुस्त कराई जाएंगी। बिजली के पोलों पर चेतावनी संबंधी स्टीकर लगाए जाएंगे। इसके साथ ही नियमित रूप से कूड़ा उठाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र में बायो टॉयलेट की व्यवस्था की गई है। महिलाओं के लिए 100 टेंटनुमा निशुल्क चेंजिंग रूम स्थापित किए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर 100 अतिरिक्त चेंजिंग रूम भी लगाए जाएंगे। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सहायता के लिए चार स्थानों पर सेवा शिविर संचालित किए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त ज्वाला प्रसाद सहित निर्माण, जलकल और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।