लखनऊ। हीरो मोटोकॉर्प के हरिद्वार प्लांट में टेक्नीशियन पद पर चयन के बावजूद अभिभावक अपनी बेटियों को नौकरी पर नहीं भेजना चाहते हैं। चयनित कई युवतियों का कहना है कि उन्हें केवल फोन पर ही सूचना दी गई है, अभी तक ज्वाइनिंग लेटर नहीं दिया गया है। घर वाले किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहते हैं। वे दूरी और सुरक्षा के अभाव में हरिद्वार भेजने से मना कर रहे हैं।
अलीगंज राजकीय आईटीआई परिसर में बीते सप्ताह हीरो मोटोकॉर्प के हरिद्वार प्लांट के लिए टेक्नीशियन के 200 पदों पर युवतियों के लिए कैंपस ड्राइव हुआ था। इसमें अलग-अलग जिलों के 30 अभ्यर्थी चुने गए थे। इन्हें कंपनी की तरफ से 14 और 20 जनवरी को हरिद्वार प्लांट में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की बात कही गई। कंपनी के अनुसार, चयनितों में से करीब 10 अभ्यर्थियों की अभी तक रिपोर्टिंग नहीं हुई है।
सीतापुर की दिव्यांशी ने बताया कि कंपनी में चयन की उन्हें फोन पर तो जानकारी दी गई, लेकिन कोई ज्वाइनिंग लेटर नहीं मिला है। बिना आधिकारिक पत्र के अभिभावक हरिद्वार भेजने के लिए राजी नहीं हैं। शहर से अधिक दूरी होने से भी परिजन हरिद्वार भेजने के लिए तैयार नहीं हैं। सहारनपुर की दीपा ने भी बताया कि चयन के बाद उन्हें भी कंपनी से कोई ज्वाइनिंग लेटर नहीं मिला है। कम वेतन और शहर से दूरी की वजह से भी वह हरिद्वार नहीं जाएंगी।
प्लेसमेंट सेल के अधिकारी एमए खान ने बताया कि कंपनी की पॉलिसी है कि चयनित अभ्यर्थियों की उपस्थिति के बाद ज्वाइनिंग लेटर दिया जाता है। इसके लिए एक से दो सप्ताह की विशेष ट्रेनिंग दी जाती है। उसके बाद चयन पत्र देने का प्राविधान है। उन्होंने बताया कि कैंपस ड्राइव में चयनित अभ्यर्थियों में से ज्यादातर ने अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी है। काम करना भी शुरू कर दिया है।