हज यात्रियों को उनकी उड़ान की तिथि जानने के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। राज्य हज कमेटी ने यात्रियों की सहूलियत के लिए एसएमएस के साथ ही उनके घर पर पत्र भेजकर भी सूचना देने का निर्णय किया है।
इसके अलावा हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर भी उड़ान का पूरा शिड्यूल अपलोड किया जा चुका है। वहां से भी उड़ान की जानकारी हासिल की जा सकेगी। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज यात्रियों की सहूलियत के लिए इस बार रवानगी से करीब महीना पहले ही उड़ान का शिड्यूल जारी कर दिया है।
हालांकि बीते साल तक हज उड़ान का सिलसिला शुरू होने के करीब एक सप्ताह पहले ही शिड्यूल जारी किया जाता रहा है। हज कमेटी ऑफ इंडिया की ऑनलाइन व्यवस्था के जरिये हज यात्रियों को उनके मोबाइल फोन पर एसएमएस के जरिये उड़ान तिथि की जानकारी दी जा रही है। ऐसे में तमाम यात्रियों की शिकायत थी कि उनके पास अभी तक उड़ान की जानकारी नहीं पहुंची है।
राज्य हज कमेटी के सहायक सचिव जावेद खान ने बताया कि हज यात्रियों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। सभी हज यात्रियों को उनकी उड़ान के मुताबिक एसएमएस भेजा जा रहा है। इसके अलावा हज यात्रियों को डाक से पत्र भेजकर भी उड़ान तिथि की जानकारी दी जाएगी।