खुर्रमनगर में पेंट की दुकान पर ग्राहक। स्रोत ः दुकानदार
लखनऊ। सरिया और सीमेंट के दाम बढ़ने के बाद अब घर का रंग-रोगन भी महंगा हो गया है। सोमवार दोपहर पेंट कंपनियों ने एक बार फिर कीमतों में बढ़ोतरी कर दी। इससे एक महीने के भीतर पेंट की कीमतों में करीब 20 प्रतिशत तक इजाफा हो गया है। अलग-अलग किस्म के पेंट पर 8 रुपये से लेकर 30 रुपये प्रति लीटर तक दाम बढ़ाए गए हैं, जो पिछले तीन वर्ष में सबसे बड़ी बढ़ोतरी मानी जा रही है।
कारोबारियों के अनुसार, मध्य एशिया में बढ़ते तनाव के कारण पेंट निर्माण में उपयोग होने वाले पेट्रोकेमिकल उत्पाद महंगे हो गए हैं, जिससे लागत बढ़ी है। 40 किलो पुट्टी की कीमत 640 रुपये से बढ़कर 720 रुपये हो गई है। ऑयल पेंट पर इस महीने कुल 20 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 230 रुपये का डिब्बा अब 270 रुपये का हो गया है। वहीं, वाटरप्रूफ पेंट के दाम 30 रुपये प्रति लीटर तक बढ़े हैं, जिससे 450 रुपये का डिब्बा अब 510 रुपये में मिल रहा है। पेंट उद्यमी जितेंद्र चावला का कहना है कि हर दिन रेट बदलने से उत्पादन प्रभावित है। खर्चे ही निकल पा रहे हैं। ेेेेेे
तीन वर्ष में सबसे बड़ी बढ़ोतरी
खुर्रमनगर के पेंट कारोबारी बशर के अनुसार, पहले दो-तीन वर्ष में एक बार मामूली बढ़ोतरी होती थी लेकिन इस बार एक महीने में ही रिकॉर्ड वृद्धि हुई है। 2000 वर्गफीट के मकान को पेंट कराने में पहले जहां करीब एक लाख रुपये खर्च होते थे, वहीं अब यह लागत बढ़कर 1.20 लाख रुपये तक पहुंच गई है। बाजार में अस्थिरता बनी हुई है और कीमतों में स्थिरता आने में जून तक का समय लग सकता है। तब तक और बढ़ोतरी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।