अमेरिका में रहे उत्तर प्रदेश के उद्यमियों ने प्रदेश में सैकड़ों करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है। उनका कहना है कि इंडो-अमेरिकी निवेशकों के लिए यूपी शानदार विकल्प है। प्रदेश की प्राकृतिक व मानव संपदा का उपयोग कर न केवल उद्योग को बढ़ाया जा सकता है बल्कि प्रदेश की तरक्की का भी मार्ग प्रशस्त किया जा सकता है।
उप्र. एसोसिएशन ऑफ नार्थ अमेरिका (उपाना) के बैनर तले हुए इन्वेस्टमेंट और टूरिज्म कार्यक्रम में ये निवेशक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से मुखातिब हुए। सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार निवेशकों को प्रोत्साहन के लिए पूरी मदद करेगी।
प्रदेश में गंगा, यमुना और सरयू जैसी नदियां हैं तो अयोध्या, काशी, मथुरा, वृंदावन जैसे ऐतिहासिक शहर भी हैं। प्रदेश में ईको टूरिज्म व आध्यात्मिक पर्यटन के विकास की संभावना है। सरकार इन संभावनाओं को अवसर में बदलने के लिए प्रयास कर रही है।
सरकार अयोध्या को दुनिया के सबसे खूबसूरत शहर के रूप में विकसित करने की योजना पर काम कर रही है। सरकार प्रदेश के सभी 75 जिलों में मेडिकल कॉलेज की स्थापना करना चाहती है। महज 3 वर्षों में 30 नए मेडिकल कॉलेजों का निर्माण शुरू किया गया है।