नेशनल पीजी कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी भाग लेने प्रतिभागियो के साथ प्राचार्य
लखनऊ। स्वदेशी ज्ञान और पारंपरिक कौशल रोजगार, उद्यमिता और आर्थिक सशक्तीकरण का माध्यम बन सकते हैं। डिजिटल तकनीक के जरिये इनके संरक्षण और व्यापक उपयोग की संभावनाएं भी बढ़ी हैं। यह निष्कर्ष मंगलवार को नेशनल पीजी कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी के समापन सत्र में सामने आया।
कॉलेज के इतिहास विभाग की ओर से आयोजित संगोष्ठी में स्वदेशी ज्ञान, वैज्ञानिक परंपराओं, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक कौशलों की प्रासंगिकता पर चर्चा हुई। तकनीकी सत्रों में भारत की रसायन विद्या, धातुकर्म, नवाचार और औपनिवेशिक काल में वैज्ञानिक ज्ञान के प्रसार पर शोधपत्र प्रस्तुत किए गए। विशेषज्ञों ने मौखिक परंपराओं से प्राप्त ज्ञान के दस्तावेजीकरण में डिजिटल तकनीक की भूमिका भी रेखांकित की।
समापन सत्र में विनोबा भावे विश्वविद्यालय, झारखंड के कुलपति प्रो. सीबी शर्मा ने शिक्षा को भारत की विविध भाषाई और सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने की जरूरत बताई। उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व विभाग की निदेशक रेनू द्विवेदी ने ऐतिहासिक स्थलों और पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
तीन विद्यार्थियों को शोधपत्र पुरस्कार
सीबी गुप्ता सर्वश्रेष्ठ शोधपत्र पुरस्कार तीन श्रेणियों में दिए गए। शिक्षक व शोधार्थी श्रेणी में डॉ. दीक्षा शर्मा को पांच हजार, स्नातकोत्तर श्रेणी में फिरदौस हसन को तीन हजार और स्नातक श्रेणी में करण गुप्ता को दो हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।