प्रस्तुति देता बिहार का प्रिंस डांस ग्रुप।
लखनऊ। गोमतीनगर स्थित संगीत नाटक अकादमी में इस्कॉन अयोध्या की ओर से रविवार को दिव्योत्सव का आयोजन हुआ। इस दौरान समाज में सनातन धर्म के मूल्यों की स्थापना के लिए संत समाज ने अपनी बात रखी। श्रोताओं से खचाखच भरे संत गाडगे सभागार में हनुमान चालीसा पाठ के साथ कलयुग और महाकुंभ नाटिका ने सभी का मन मोह लिया।
इस्कॉन अयोध्या के प्रमुख षडभुज गौर दास के मार्गदर्शन में आयोजित दिव्योत्सव में राजनीति, साहित्य, कला, समाज सेवा के क्षेत्र की हस्तियां मौजूद रहीं। मुख्य वक्ता इस्कॉन नेपाल के सचिव पात्री दास जी महाराज ने श्रोताओं को सनातन से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी चीजें रिसाइकिल हो सकती हैं, लेकिन समय रिसाइकिल नहीं होता। इसलिए एक ही जीवन मिला है, जिसे भगवान की प्राप्ति में लगाएं। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता में भी कर्म को ही प्रधान माना गया है, इसलिए अच्छे कर्मों को प्राथमिकता दें।
इस दौरान विभिन्न देशों से आए कृष्ण भक्तों ने भव्य संकीर्तन से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। इंडियाज गॉट टैलेंट फेम बिहार के प्रिंस डांस ग्रुप ने हनुमान चालीसा पर नृत्य नाटिका प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। वहीं कलयुग और महाकुंभ नाटिका की प्रस्तुति ने भी सभी का मन मोह लिया। दशावतार नाटिका में भगवान श्रीहरि विष्णु के दस अवतारों को मंच पर कलाकारों ने उतारा। यूथ इन एक्शन के राष्ट्रीय संयोजक शतरुद्र प्रताप ने सभी का स्वागत किया। दिव्योत्सव के संयोजक गौर धाम कृपा दास व प्रमोद गोपीनाथ दास ने सभी का आभार जताया। संचालन कवि कुलदीप कलश और विष्णु दर्शन ने किया।