लखनऊ। राजधानी में गैस की किल्लत से सबसे ज्यादा इंडेन और भारत गैस के उपभोक्ता परेशान हुए। ग्राहकों ने इन्हीं दो कंपनियों के वितरकों की शिकायतें सबसे ज्यादा कीं। जिलाधिकारी की समीक्षा में इसका खुलासा हुआ है।
डीएम विशाख जी. ने बुधवार को इंडियन ऑयल, भारत गैस व हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी के अफसरों के साथ एलपीजी आपूर्ति की समीक्षा की। इसमें वितरकों ने बताया कि सबसे कम शिकायतें हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी के ग्राहकों की रही। हालांकि, इंडेन के मुकाबले इसके ग्राहक भी कम हैं। भारत गैस के वितरकों की सबसे ज्यादा शिकायतें रहीं कि सिलिंडर की आपूर्ति किए बिना ही उसकी सिस्टम पर ऑनलाइन डिलीवरी को दर्ज कर दिया गया। इस कारण ग्राहकों को बुकिंग के एक महीने बाद सिलिंडर मिला। राजधानी में इंडेन के सबसे ज्यादा ग्राहक होने के कारण इस कंपनी की शिकायतों की तादाद अधिक थी। जिलाधिकारी ने ऑयल कंपनियों को निर्देश दिए कि बैकलॉग कोटा जल्द खत्म किया जाए।