लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के डॉक्टर कैंसर के लाइलाज रोगियों को घर जाकर भी परामर्श दे रहे हैं। इसमें देखभाल, दर्द कम करने वाली दवाओं और मरीजों की देखभाल के तरीके बताए जा रहे हैं। अब तक लखनऊ और आसपास के करीब 600 मरीजों को इसका लाभ मिल चुका है।
रेडियोथेरेपी विभाग के डॉ. राजेंद्र कुमार ने बताया कि कैंसर के काफी रोगी ऐसे होते हैं जिन्हें रेडियोथेरेपी या कीमोथेरेपी नहीं दी जा सकती। इन्हें घर पर ही दवाएं दी जाती हैं। इन मरीजों की हालत बेहद खराब होती है। इस कारण परामर्श के लिए इन्हें अस्पताल लाना भी आसान नहीं है। इसे देखते हुए इन्हें घर पर ही परामर्श देने की व्यवस्था शुरू की गई है।
दवाओं के साथ काउंसिलिंग जरूरी
डॉ. राजेंद्र कुमार ने बताया कि कैंसर जब लाइलाज हो जाता है तो उस समय दर्दनिवारक दवाओं के साथ मरीज की काउंसिलिंग भी जरूरी होती है। उनके परिजनों को भी इसकी आवश्यकता होती है। केजीएमयू की टीम यह काम कर रही है।
निशुल्क सेवा के लिए 18002027777 पर कॉल करें
केजीएमयू की यह सुविधा निशुल्क है। मरीज या तीमारदार टोल फ्री नंबर 18002027777 पर कॉल कर इसके लिए पंजीकरण करा सकते हैं।