आयकर विभाग ने सोमवार को दोपहर दो बजे लखनऊ में चौक के गुलब्बो मार्केट स्थित एक बुलियन कारोबारी के शोरूम का आयकर चोरी की आशंका में सर्वे शुरू किया था। आयकर अधिकारियों का यह सर्वे 13 घंटे तक चला। यानी अधिकारी आधी रात तीन बजे सर्वे खत्म करके वापस गए, साथ ही कारोबार के सभी दस्तावेज जब्त कर ले गए।
इससे बुुलियन व्यापारी संग कारोबार करने और 52 किलो सोना गिरवी रखने वाले कारोबारी आयकर विभाग के राडार पर आ गए। इनके ऊपर किसी भी समय शिकंजा कस सकता है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बुलियन व्यापारी के शोरूम से जब्त किए करोड़ों के कैश लेन-देन एवं सोना और चांदी की बिक्री के कच्चे-पक्के बिल की मंगलवार को जांच शुरू हो गई है।
बुलियन व्यापारी सट्टे में 37 किलो सोना गवांने के बाद पूरी तरह कंगाल हो गया है। उसने 52 किलो सोना गिरवी रखा था, जिसको वह छुड़ा नहीं सका। यह सोना गिरवी रखने वाले ने जब्त कर लिया है। सूत्र बताते है कि बुलियन कारोबारी से जब्त सोने की खरीद-फरोख्त और करोड़ों के लेन-देने के पर्चे के सहारे आयकर विभाग उन कारोबारियों पर शिकंजा कस सकता, जो अब तक करोड़ों रुपये की आयकर चोरी कर चुके हैं।