लखनऊ। आयकर विभाग की टीम गोमतीनगर स्थित ताजमहल होटल में टैक्स चोरी की शिकायतों के बाद सर्वे कर रही है। विभाग की आठ अधिकारियों की टीम ने बुधवार को सुबह करीब 11 बजे होटल में जाकर दस्तावेज खंगाले। सूत्रों के मुताबिक, सर्वे की कार्रवाई बृहस्पतिवार को भी जारी रहेगी।
आयकर विभाग को सूचना मिली थी कि गोमतीनगर के पांच सितारा श्रेणी वाले ताजमहल होटल में शादी समारोह आदि में लाखों रुपये का नकद भुगतान किया जाता है। सूचना के मुताबिक होटल प्रबंधन अधिकतम दो लाख रुपये नकद लेने की बाध्यता की वजह से बिल को कई छोटे हिस्सों जैसे खाना, कमरों का किराया, हॉल का किराया आदि में विभाजित कर एक साथ भुगतान ले लेता है। इसकी सत्यता परखने के लिए आयकर विभाग के अधिकारियों की टीम होटल में लगातार छानबीन कर रही है। अधिकारी पांच वर्षों के दौरान इस तरह के सभी बिलों की गहनता से जांच कर पता लगा रहे हैं कि इसका भुगतान किन लोगों के द्वारा किया गया था। बाद में संबंधित लोगों को नोटिस देकर तलब किया जाएगा, जिसके बाद उनसे इस बाबत पूछताछ की जाएगी। वहीं टैक्स चोरी के पुख्ता सुराग मिलने पर होटल प्रबंधन पर भी शिकंजा कसा जाएगा।