लखनऊ सहित देश के विभिन्न शहरों में बुधवार को शुरू हुई आयकर विभाग के छापे की कार्रवाई बृहस्पतिवार सवेरे तक चली। इस दौरान लखनऊ में राष्ट्रीय क्रांतिकारी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय के लालकुआं स्थित आवास से इनकम टैक्स के अधिकारियों ने कई अहम दस्तावेज जब्त किए।
सूत्रों ने बताया कि गोपाल राय जिस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, उससे वे कभी चुनाव नहीं लड़े। उन पर आरोप है कि वह डमी पार्टी बनाकर चुनावी चंदा जुटाने का काम कर रहे थे। वह घर से कई एनजीओ चलाते हैं, उनके घर के बाहर केंद्रीय लोक शिकायत और जांच संस्थान, अखिल भारतीय गौ रक्षा परिषद, औद्योगिक एवं प्राविधिक शिक्षा परिषद, राष्ट्रीय दृष्टिहीन संघ जैसे संगठनों के बोर्ड लगे हैं, जिस पर बड़े नेताओं और मंत्रियों की तस्वीरें लगी हैं। गोपाल राय ने इनकम टैक्स के छापे को साजिश बताया है।
सुल्तानपुर में घड़ीसाज की पार्टी के दफ्तर पर 16 घंटे चली कार्रवाई
सुल्तानपुर में घड़ीसाज की पार्टी के दफ्तर पर आयकर विभाग के छापे की कार्रवाई 16 घंटे तक चली। इसमें पता चला कि अब्दुल माबूद इदरीसी की अपना देश पार्टी को 2013 से अब तक 425 करोड़ रुपये चंदे के तौर पर मिले हैं। आयकर विभाग की टीम माबूद के घर से कई अहम दस्तावेज
ले गई। सूत्रों का कहना है कि माबूद के खाते में अधिकतर रकम गुजरात से आई। गुजराज में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रज्जाक के जरिए कालेधन को सफेद किया जा रहा था।