किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के ट्रॉमा सेंटर-2 का कुलपति प्रो. रविकांत ने बृहस्पतिवार को उद्घाटन किया। मरीजों का इलाज नए साल के पहले दिन एक जनवरी से होगा।
केजीएमयू के प्रशासनिक अधिकारियों ने ट्रॉमा सेंटर में शुरू की गई व्यवस्था को ड्राई रन नाम दिया है। उद्घाटन के साथ ही बृहस्पतिवार को वार्डों में बेड और उपकरण भी पहुंचा दिए गए।
फैकल्टी, रेजीडेंट डॉक्टर, नर्स, वार्ड ब्वॉय, सफाई कर्मचारियों और सिक्योरिटी गार्ड की तैनाती भी वहां कर दी गई है। राजधानीवासियों को नए साल के पहले दिन एक और ट्रॉमा सेंटर का तोहफा मिलेगा।
बृहस्पतिवार को रायबरेली रोड पर स्थित वृंदावन योजना (एसजीपीजीआई के सामने) बने ट्रॉमा सेंटर-टू के औपचारिक उद्घाटन के बाद अब वहां इलाज की व्यवस्था को दुरुस्त करने की तैयारियां शुरू हो गयी है।
कैजुअलिटी वार्ड, पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड, आईसीयू में बेड और अन्य उपकरण पहुंचा दिए गए हैं। पैथोलॉजी जांच के लिए लैब के उपकरण भी बृहस्पतिवार को पहुंचा दिए गए।
इसके अलावा रिसेप्शन पर पंजीकरण के लिए दो कम्प्यूटर और भर्ती संबंधी फार्म भी पहुंचा दिए गए। इसके अलवा फैकल्टी, रेजीडेंट डॉक्टर, नर्स, वार्ड ब्वॉय, सफाई कर्मचारियों और सिक्योरिटी गार्ड की नियुक्ति भी कर दी गई।