मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा ने स्टेट गेस्ट हाउस में महिलाओं के साथ बर्बर व्यवहार कर अपना वास्तविक चरित्र दिखाया था। कांग्रेस ने बाबा साहब को चुनाव से वंचित रखने का प्रयास किया। उन्हें भारत रत्न न मिले, इसका षडयंत्र रचा। संविधान की प्रति लेकर घूमने वाली कांग्रेस की असलियत समझने की आवश्यकता है।
सीएम ने मंगलवार को राजधानी स्थित डॉ. आंबेडकर महासभा कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में स्मारिका का विमोचन और 75 जिलों में स्थापित बाबा साहब की 75 मूर्तियों के सौंदर्यीकरण व संरक्षण कार्य का वर्चुअल शुभारंभ किया। इससे पहले उन्होंने हजरतगंज स्थित डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
ये भी पढ़ें - प्रदेश में गर्मी का दौर शुरू, पांच जिलों में पारा 40 डिग्री के हुआ पार, 42.6 डिग्री के साथ यह जिला रहा सबसे गर्म
ये भी पढ़ें - नोएडा विवाद: श्रमिकों के पारिश्रमिक के स्थायी समाधान के लिए वेज बोर्ड जल्द, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी होंगी योजनाएं
सीएम ने कहा कि दलितों के लिए घड़ियाली आंसू बहाने वाले बताएं कि बाबा साहब के नाम पर उन्होंने क्या किया। सब जानते हैं कि कौन मुख्यमंत्री बनने पर दलित महापुरुषों के स्मारक तोड़ने की धमकी देता था। जाति के नाम पर समाज को बांटने वाली ताकतें बताएं कि जब बांग्लादेश में दलित नौजवान को जलाया जा रहा था तो उनका मुंह क्यों सिला था। हर दलित-वंचित, गरीब, महिला को रोशनी बाबा साहब ने ही दिखाई थी। कुछ स्वार्थी ताकतें फिर से उनके नाम और काम को हड़पने के लिए याद करने का नाटक कर रही हैं। इस अवसर पर आंबेडकर महासभा के अध्यक्ष एवं एमएलसी लालजी प्रसाद निर्मल, मंत्री बेबी रानी मौर्य, असीम अरुण, सांसद ब्रजलाल, महापौर सुषमा खर्कवाल, आंबेडकर महासभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद सरोज, महामंत्री अमरनाथ प्रजापति, कोषाध्यक्ष डॉ. सत्या दोहरे की मौजूदगी रही।
सपा ने नाम क्यों बदले
सीएम ने कहा कि सपा से पूछा जाना चाहिए कि उसने दलित महापुरुषों के नाम पर बने जिलों, केजीएमयू, भाषा विश्वविद्यालय व कन्नौज मेडिकल कॉलेज का नाम क्यों बदला। दलितों-वंचितों व गरीबों के हक पर किसने डकैती डाली, किसने दलितों-वंचितों को भूमि पट्टे के अधिकार से वंचित किया। स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय योजना पर ब्रेक लगाया और प्रधानमंत्री आवास योजना को लागू नहीं होने दिया। दरअसल, ये लोग चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए। दलितों, वंचितों, गरीबों की पीड़ा कभी नहीं देखी।
सामाजिक न्याय के लिए कार्य करने वाले हर महापुरुष को हम सम्मान देंगे। यह कार्यक्रम इसलिए हो रहा है कि महापुरुषों की मूर्तियां सुरक्षित रहें। हमारी सरकार ने गोरखपुर में वीरांगना झलकारी बाई कोरी, बदायूं में अवंती बाई लोधी और लखनऊ में ऊदा देवी पासी के नाम पर पीएसी बटालियन बनाई। सरकार सुनिश्चित कराएगी कि गांव के सामुदायिक शौचालय की स्वच्छता से जुड़ी बहनों को समय पर मानदेय मिले।