लखनऊ। केजीएमयू के लारी कार्डियोलॉजी में नया भवन करीब डेढ़ वर्ष से बनकर तैयार है। जरूरी उपकरण भी आ चुके हैं। हालांकि, डॉक्टरों और नर्सिंग व पैरामेडिकल स्टाफ की कमी के कारण 96 में से 28 बेड पर ही मरीजों की भर्ती हो पा रही है।
लारी कार्डियोलॉजी की ओपीडी में रोजाना 400 से अधिक मरीज आते हैं। इसकी इमरजेंसी में 150 से अधिक मरीज पहुंचते हैं। पुराने भवन में 80 बेड पर मरीज भर्ती किए जा रहे हैं। बेड की कमी को देखते हुए 96 बेड का नया भवन बनाया गया। 14 जुलाई 2025 को मुख्यमंत्री ने इसका शुभारंभ किया। हालांकि, उद्घाटन के करीब नौ महीने बाद भी इसके 68 बेड पर भर्ती नहीं हो पा रही है। भवन के दूसरे व तीसरे तल पर 28 बेड पर ही मरीज भर्ती किए जा रहे हैं।
इसका कारण है कि विभाग में महज 11 डॉक्टर हैं। इसके अलावा नर्सिंग, पैरामेडिकल व दूसरे संवर्ग के कर्मचारियों की भी कमी है। केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह का कहना है कि जल्द डॉक्टर और अन्य कर्मचारी विभाग को मिल जाएंगे। इसके बाद सभी बेडों पर मरीज भर्ती किए जाएंगे।