लॉकडाउन में लगभग ढाई महीने से बंद चल रहे मंदिर, गुरुद्वारे, गिरजाघर सोमवार से खुलने जा रहे हैं। वहीं कई मंदिर खुलेंगे तो कई श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना के चलते बंद ही रहेंगे। गुरुद्वारों में भी गाइडलाइन का पालन करने के बाद निर्धारित 5-5 की संख्या में ही संगतें भीतर जा सकेंगी। मनकामेश्वर मंदिर में जलाभिषेक के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। श्रद्धालु 7 फीट लंबे अर्घ्य से जलाभिषेक कर सकेंगे। महंत देव्या गिरी ने बताया कि मंदिर सुबह 6 से रात 9 बजे तक खुलेगा। सरकारी गाइडलाइन के मुताबिक शिवलिंग या मूर्ति छूने की मनाही है। भक्त भगवान का जलाभिषेक आदि कर सकें इसके लिए गर्भगृह में शिवलिंग से लेकर द्वार तक लगभग 7 फीट लंबे एक धातु के टनलनुमा अर्घ्य का निर्माण कराया गया है। इससे बिना गर्भगृह में गए श्रद्धालु जलाभिषेक कर सकेंगे। वहीं राजेंद्र नगर स्थित महाकाल मंदिर, अलीगंज स्थित पुराना हनुमान मंदिर, गोमतीनगर स्थित लॉर्ड अय्यप्पा मंदिर एवं पुराने लखनऊ के अन्य मंदिर दर्शनों के लिए खुलेंगे। सुल्तानपुर रोड स्थित इस्कॉन मंदिर सुबह और शाम के समय में खुलेगा।