लखनऊ। भारतेंदु हरिश्चंद्र वार्ड की एसएस सेक्टर आई कॉलोनी में रहने वाले फैज के घर में कमरे और बाथरूम में सीवर का गंदा पानी रोज भरा रहता है। इसे वह रोज निकालते हैं तो वह घर में रह पाते हैं। बुधवार को जब अमर उजाला की टीम कॉलोनी में पहुंची तो यही स्थिति यहां रहने वाले गायत्री देवी, कैलाश यादव, राजीव और ज्ञान प्रकाश सहित करीब 50 लोगों के घरों दिखी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि वैसे तो यह समस्या करीब दो साल है, मगर करीब सात महीने से बहुत गंभीर हो गई है। शिकायत पर सफाई कर्मी आते हैं, सफाई भी करते हैं, मगर दो-तीन दिन बाद हालात फिर वही हो जाते हैं। सैकड़ों बार शिकायत की गई, मगर स्थायी समाधान नहीं हुआ। घर के अलावा बाहर गलियों में भी गंदा पानी भरा रहता है। ऐसे में आना-जाना भी मुश्किल है।
पार्षद मान सिंह यादव ने कहा कि वार्ड की इस विकराल समस्या को वह नगर निगम सदन में कई बार उठा चुके हैं, मगर समाधान नहीं हुआ। 27 जनवरी को नगर निगम सदन और तीन फरवरी को विशेष बैठक में भी मामला उठाया। अब नगर निगम में धरना देने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। पार्षद ने कहा कि कुछ लोग तो मकान की पहली मंजिल पर शिफ्ट हो गए हैं, जिनके पास यह विकल्प नहीं है, वह दूसरी जगह किराये पर चले गए हैं।
सफाई हो तो दूर हो जाएगी समस्या
पार्षद का कहना है कि सीवर लाइन की सफाई छह-सात वर्षों से नहीं हुई है। यह हो जाए तो समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी, मगर सुएज वाले नहीं कर रहे। पार्षद ने निजी कंपनी पर यह आरोप भी लगाया कि उसके पास न तो मशीनें हैं, न ही कर्मचारी। सिर्फ कागज पर काम कर रही है और सफाई के नाम पर करोड़ रुपये बिल वसूल रही है। पार्षद ने कहा कि उन्होंने सीवर सफाई का पूरा प्लान बनाकर कंपनी को दिया था, मगर दो दिन काम करने के बाद भाग गए।
सुएज की सफाई
सीवर की सफाई करने वाली निजी कंपनी सुएज के परियोजना निदेशक राजेश मठपाल का कहना है कि भारतेंदु हरिश्चंद्र वार्ड में 45 संकरी गलियां मुख्य सीवर लाइन से जुड़ी हैं, जिनसे भारी मात्रा में ठोस कचरा सीवर में चला जाता है। समस्या दूर करने के लिए दो वर्ष पहले जल निगम को कार्ययोजना दी गई, जो अभी पास नहीं हुई है। कचरा हटाने का काम सुएज का नहीं है, फिर भी अतिरिक्त कर्मचारी लगाकर कचरा निकाला जा रहा है। 15 दिनों में फिर सीवर सफाई कराई जाएगी और उसकी रिपोर्ट पार्षद को दी जाएगी।
कॉलोनी में भरा पानी।
कॉलोनी में भरा पानी।
कॉलोनी में भरा पानी।
कॉलोनी में भरा पानी।
कॉलोनी में भरा पानी।
कॉलोनी में भरा पानी।
कॉलोनी में भरा पानी।